जब लाखों दीयों की रोशनी से जगमगा उठता है पूरा तमिलनाडु! क्या है 'कार्तिगई दीपम' पर्व की अद्भुत कहानी?
कार्तिगई दीपम तमिलनाडु का एक प्रमुख प्रकाश पर्व है, जहां लाखों दीयों से घर और मंदिर जगमगा उठते हैं। यह पर्व भगवान शिव के अग्नि स्तंभ स्वरूप और भगवान कार्तिकेय की पूजा से जुड़ा है, जिसमें तिरुवन्नामलाई में महादीपम प्रज्वलित किया जाता है।

तमिलनाडु का प्रकाश पर्व कार्तिगई दीपम (Picture Credit: AI Generated)
HighLights
कार्तिगई दीपम तमिलनाडु का प्रमुख प्रकाश पर्व है।
तिरुवन्नामलाई में अन्नामलाई पहाड़ी पर महादीपम प्रज्वलित होता है।
यह पर्व भगवान शिव और कार्तिकेय की पूजा से जुड़ा है।
धर्म डेस्क, नई दिल्ली। हमारा देश भारत सदियों से विभिन्न त्योहारों और उत्सवों का साक्षी बनता आया है। जहां एक तरफ होली, दीवाली के रंगों और रोशनी में लोग सराबोर हो जाते हैं, वहीं कुछ अन्य पर्वों की अपनी अलग कहानी और महत्व है। ऐसा ही एक उत्सव है तमिलनाडु का 'कार्तिगई दीपम', इस पर्व में लाखों दीपकों की रोशनी से घर-आंगन से लेकर मंदिर और पहाड़ियां तक जगमगा उठती हैं।
इसे प्रकाश का उत्सव भी कहा जाता है। इस दिन श्रद्धालु अपने घरों, मंदिरों और सार्वजनिक स्थानों पर मिट्टी के दीपक जलाकर भगवान शिव और कार्तिकेय की विशेष पूजा-अर्चना करते हैं।
यह पर्व मुख्य रूप से तिरुवन्नामलाई का अरुणाचलेश्वर मंदिर में मनाया जाता है जहां अन्नामलाई पहाड़ी पर विशाल दीप प्रज्वलित किया जाता है। ऐसी मान्यता है कि इस दिव्य ज्योति का संबंध भगवान शिव के अग्नि स्तंभ स्वरूप से है। आइए आपको बताते हैं इस पर्व से जुड़ी कहानी और कार्तिगई दीपम का अद्भुत रहस्य क्या है।
कार्तिगई दीपम पर्व की पौराणिक कथा
इस पर्व से जुड़ी एक प्रसिद्द कथा के अनुसार एक समय देवताओं ने भगवान शिव के पूर्ण दर्शन पाने के लिए अपनी ओर से पूरी कोशिश की। इस दौरान, ब्रह्मा जी ने एक हंस का रूप लिया और भगवान विष्णु ने एक वराह का रूप धारण किया। उन्होंने आकाश से लेकर पाताल लोक तक भगवान शिव को खोजने का प्रयास किया, लेकिन वे उन्हें कहीं नहीं ढूंढ पाए।
भगवान शिव ने ब्रह्मा जी और भगवान विष्णु से कहा कि वे उनके सिर और चरणों का सही स्थान पता लगाएं। चूंकि भगवान शिव ने एक अत्यंत विशाल रूप धारण कर लिया था, इसलिए वे उन्हें कहीं भी नहीं खोज सके।
उस समय भगवान शिव तिरुवन्नामलाई की पहाड़ी पर एक प्रज्वलित ज्योति यानी अग्नि पुंज के रूप में प्रकट हुए, जिसके छोर का पता लगाना असंभव था।
इसीलिए, इस त्योहार को 'अन्नामलाई दीपम' के नाम से भी जाना जाता है। इस उत्सव में पहाड़ी की चोटी पर एक महादीप जलाया जाता है और ऐसा माना जाता है कि इस दिन भगवान शिव की ज्योति के दर्शन होते हैं। तिरुवन्नामलाई में यह त्योहार बहुत ही विशेष तरीके से मनाया जाता है।
भगवान मुरुगन की होती है पूजा
पौराणिक कथाओं के अनुसार, भगवान मुरुगन ने 'सरवण पोइगई' नामक एक झील में छह शिशुओं का रूप लिया था। उस समय माता पार्वती ने उनके छह रूपों को एक साथ मिला दिया, इसीलिए आज भी भगवान मुरुगन के छह मुख हैं और भगवान मुरुगन को अरुमुगन कहा जाता है।
चूंकि कृतिकाओं ने मिलकर इन्हें पाला था, इसलिए उन्हें कार्तिकेय नाम भी दिया गया। कार्तिगई दीपम पर्व में भगवान मुरुगन की विशेष पूजा-अर्चना की जाती है और तिरुपरनकुंद्रम स्थित सुब्रमण्यस्वामी मंदिर को भगवान मुरुगन के छह पवित्र निवासों में से पहले स्थान के रूप में देखा जाता है।
'कार्तिगई दीपम में कहां जलाया जाता है महादीपम?
कार्तिगई दीपम पर्व मुख्य रूप से दक्षिण भारत के तमिलनाडु राज्य में बड़े उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया जाने वाला पर्व है और इसकी खासियत है इस दिन पहाड़ी की चोटी पर जलाया जाने वाला महादीपम।
इस उत्सव का सबसे भव्य आयोजन तिरुवन्नामलाई स्थित प्रसिद्ध अरुणाचलेश्वर मंदिर और अरुणाचल पहाड़ी पर होता है। इस दिन पहाड़ी की चोटी पर विशाल महादीपम प्रज्वलित किया जाता है। इसके साथ ही, मंदिरों, घरों, गलियों और आंगनों में मिट्टी के अनगिनत दीपक जलाए जाते हैं।
कितने दिनों तक चलता है कार्तिगई दीपम पर्व?
कार्तिगई दीपम पर्व को 'अन्नामलाई दीपम' के नाम से भी जाना जाता है। यह त्योहार नौ दिनों तक मनाया जाता है और हर दिन का अपना विशेष महत्व होता है। तिरुवन्नमलई में अन्नामलाई पहाड़ियों के बीच स्थित अरुणाचलेश्वर मंदिर में इस अवसर पर विशेष उत्सव आयोजित होते हैं।
उत्तरादम के दिन ध्वजारोहण के साथ उत्सव की शुरुआत होती है, जो नौ दिनों तक, 'कार्तिगई दीपम' के रूप में चलता है। दसवें दिन सुबह अरुणाचलेश्वर के सान्निध्य में पांच 'अग्नि-कुंडों' में प्रसिद्ध 'भरणी दीपम' प्रज्वलित किया जाता है। वहीं उत्सव के अंतिम दिन यानी कार्तिक पूर्णिमा के दिन भक्त 'भरणी दीपम' की पूजा करने के लिए अन्नामलाई पहाड़ियों की ओर जाते हैं। कार्तिगई पूर्णिमा' की रात को जब यह दीपक जलाया जाता है, तो मंदिर के आसपास 35 किलोमीटर की दूरी से इसे देखा जा सकता है।
वास्तव में यह पर्व न सिर्फ दक्षिण भारत में बल्कि पूरी दुनिया में भगवान शिव और कार्तिकेय के भक्तों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण माना जाता है।
सोर्स- incredibleindia.gov.in
यह भी पढ़ें- इस एक वजह से हुआ था भगवान शिव के पुत्र कार्तिकेय का जन्म, शिव महापुराण में छिपा है रहस्य
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।