मामा कंस और देवकी के 6 पुत्र, पढ़ें इनके पिछले जन्म का वो सच, जो बहुत कम लोग जानते हैं
आइए पढ़ते हैं कंस के पिछले जन्म की वो पौराणिक गाथा, जो देवकी के छह पुत्रों की मृत्यु का असली कारण बनी।

देवकी के 6 नवजात शिशु असल में कौन थे? (Picture Credit- AI Generated)
HighLights
कंस पूर्वजन्म में कालनेमि नामक शक्तिशाली असुर था
कंस ने श्राप के चलते किया देवकी के छह पुत्रों का वध
देवकी के पुत्रों को पूर्वजन्म में मिला था ब्रह्मा का श्राप
धर्म डेस्क, नई दिल्ली। आपने इस कथा के बारे में तो जरूर पढ़ा या सुना होगा कि कंस ने अपनी बहन देवकी के छह नवजात पुत्रों को बेरहमी से मौत के घाट उतार दिया था। आम तौर पर इसे कंस की क्रूरता माना जाता है, लेकिन श्रीमद्भागवत महापुराण के अनुसार, इसके पीछे कोई साधारण दुश्मनी नहीं, बल्कि जन्मों पुराना एक श्राप था। चलिए जानते हैं इसके बारे में।
पिछले जन्म में कौन था कंस?
श्रीमद्भागवत महापुराण ((दशम स्कंध) में वर्णित कथा के अनुसार, कंस अपने पिछले जन्म में कालनेमि नाम का एक अत्यंत शक्तिशाली और अत्याचारी असुर था। कालनेमि, असुरपति विरोचन का पुत्र था, जिसने ऋषियों-मुनियों के साथ-साथ देवताओं के लिए भी उसने संकट खड़ा कर दिया था। एक बार देवताओं और असुरों के बीच भयंकर संग्राम हुआ।
उस युद्ध में कालनेमि ने क्रोध में आकर भगवान विष्णु पर अपने त्रिशूल से घातक प्रहार कर दिया। भगवान विष्णु ने हवा में ही उसका त्रिशूल पकड़ लिया और उसी त्रिशूल से कालनेमि का वध कर दिया। इसी कालनेमि का द्वापर युग में राजा उग्रसेन के घर कंस के रूप में जन्म हुआ।

(Picture Credit: Freepik)
कौन थे देवकी के पहले 6 पुत्र?
कंस के हाथों मारे गए देवकी के छह पुत्र कोई साधारण बालक नहीं थे। वे पूर्वजन्म में मरीचि ऋषि के पुत्र (षड्गर्भ) थे। इनके साथ दो बड़े श्राप जुड़े थे, जो इस प्रकार हैं -
पहला श्राप - एक बार इन छह भाइयों ने अज्ञानतावश सृष्टि के रचयिता ब्रह्मा जी का उपहास बनाया। इससे रुष्ट होकर ब्रह्मा जी ने उन्हें राक्षस योनि में जन्म लेने का श्राप दे दिया। इसी श्राप के कारण वे अपने पहले जन्म में कालनेमि (कंस के पिछले जन्म) के पुत्रों के रूप में पैदा हुए। राक्षस कुल में जन्म लेने के बाद भी उन्होंने ब्रह्मा जी को प्रसन्न करने के लिए घोर तपस्या की। ब्रह्मा जी ने प्रकट होकर उन्हें पूर्वजन्म के श्राप से मुक्त कर दिया।
दूसरा श्राप - जब कालनेमि के इन छह पुत्रों ने ब्रह्मा जी से वरदान पा लिया, तो उनके इस व्यवहार से असुरराज हिरण्यकश्यपु अत्यंत क्रोधित हो गया। क्योंकि हिरण्यकश्यपु का मानना था कि राक्षस कुल में जन्म लेकर देवताओं की पूजा करना कुल के साथ गद्दारी है। इसी क्रोध में आकर उसने उन छहों भाइयों को श्राप दे दिया कि अगले जन्म में तुम्हारी मृत्यु तुम्हारे ही अपने पिता के हाथों होगी।

(Picture Credit- AI Generated)
कैसे पूरा हुआ श्राप का चक्र?
द्वापर युग में पिछले जन्म का पिता 'कालनेमि' अब कंस बनकर जन्मा और हिरण्यकश्यपु के श्राप से कालनेमि के वे छह पुत्र देवकी के गर्भ से पैदा हुए। चूंकि हिरण्यकश्यपु का श्राप था कि उनकी मृत्यु उनके पिछले जन्म के पिता के हाथों ही होगी, इसलिए कंस ने एक-एक करके देवकी के उन छह पुत्रों को कारागार में ही मार दिया था।
इस प्रकार देवकी के छह पुत्रों को अपने पूर्वजन्म के कर्मों और श्राप से मुक्ति मिली। इसके बाद सातवें जन्म के रूप में शेषनाग के अंश बलराम जी और आठवें अवतार के रूप में स्वयं भगवान श्रीकृष्ण ने जन्म लेकर कंस के पापों का अंत किया।
यह भी पढ़ें- इस विशेष शर्त के कारण हुआ मेघनाद का वध, जानें लक्ष्मण जी की जीत की पौराणिक कथा
यह भी पढ़ें- जब बाली का वध बना द्वापर युग में श्रीकृष्ण की मृत्यु का कारण, कम ही लोगों ने सुनी होगी यह पौराणिक कथा
अस्वीकरण: इस लेख में बताए गए उपाय/लाभ/सलाह और कथन केवल सामान्य सूचना के लिए हैं। दैनिक जागरण यहां इस लेख फीचर में लिखी गई बातों का समर्थन नहीं करता है। इस लेख में निहित जानकारी विभिन्न माध्यमों/ज्योतिषियों/पंचांग/प्रवचनों/मान्यताओं/धर्मग्रंथों/दंतकथाओं से संग्रहित की गई हैं। पाठकों से अनुरोध है कि लेख को अंतिम सत्य अथवा दावा न मानें एवं अपने विवेक का उपयोग करें। दैनिक जागरण अंधविश्वास के खिलाफ है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।