यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Dec 23, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
कर्क राशिफल 2022: कर्क राशि के लिए नव वर्ष में बन रहे हैं शुभ संयोग, शिक्षा और व्यवसाय के क्षेत्र में मिलेगी सफलता
कर्कराशि का वार्षिक राशिफल 2022 कर्क राशि के लिए बन रहे हैं शुभ संयोग शिक्षा और व्यवसाय में सफलता मिलेगी। ...और पढ़ें

Kark Rashifal 2022: कर्क राशि के जातकों को कार्य-व्यवसाय में श्रम, संघर्ष से सफलता मिलेगी, प्रगति, राजकीय कार्यों में सम्मान, शिक्षा प्रतियोगिता, परीक्षा जगत् में विशेष सफलता के योग हैं। परिवार संबंधी सुखद समाचार प्राप्त होंगे। पुराने रूके हुए कार्य पूरा करने का अवसर है मई, जून, अगस्त, नवम्बर, दिसम्बर मास में मित्रों व उच्चाधिकारियों का सहयोग व सानिध्य रहेगा, इन महीनों में आप लापरवाही का त्याग करके पूरी तौर पर अपने कार्य-व्यापार में जुट जायें सफलता निश्चित मिलेगी, अष्टमेश शनि के प्रभाव के कारण किसी भी कार्य में शुरूआती दौर में आपको कुछ परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है, परन्तु उनसे विचलित न हों। प्रतिकूल परिस्थितियों में धैर्य व परिश्रम से सफलता मिलेगी। पैतृक सम्पत्ति की सुरक्षा व्यवस्था पर अथवा उसकी देख-रेख पर ध्यान देना अति आवश्यक है। स्वजनों से वैमनस्यता बढ़ेगी। इस वर्ष सूझ-बूझ एवं धैर्य से आपको विपरीत परिस्थितियों का सामना करना चाहिये। आइए जानते हैं ज्योतिषाचार्य पं. विजय त्रिपाठी “ विजय ” के अनुसार इस राशि के लिए वर्ष 2022 शिक्षा, व्यापार, स्वास्थ्य और परिवार की दृष्टी से कैसा रहेगा।
शिक्षा प्रतियोगिता- शिक्षा की दृष्टि से यह वर्ष असफलतादायक होगा, कठिन श्रम व सूझ-बूझ से ही शिक्षा परीक्षा में सफल होंगे, व्यर्थ भाग-दौड़, दुष्टजनों की संगति आपके लिए कष्टप्रद होगी। मार्च, जुलाई, अगस्त, दिसम्बर, फरवरी मास शिक्षा की दृष्टि से अधिक कष्टदायक हैं इन महीनों में आपको अपनी शिक्षा के प्रति विशेष जागरूक रहना होगा। प्रतियोगिता के लिये आप खनिज पदार्थों के कार्य से जुड़ी कंपनियों, समुद्रीयान, नेवी, मर्चेन्ट नेवी, उड्डयन, वन-विभाग, सार्वजनिक निर्माण विभाग आदि के लिये प्रयास करें, इन क्षेत्रों में आपको सफलता जल्दी हासिल हो सकती है। आपको इस वर्ष शिक्षा के प्रति तनिक भी लापरवाही नहीं करनी है अन्यथा आप कैरियर की दौड़ में पिछड़ जायेंगे।
आर्थिक- अपने बनाये हुए आर्थिक कार्यक्रम में सफलता मिलेगी, बचत-पत्र, भूमि-भवन, वाहन, बीमा पालिसी, आदि में पूँजी निवेश कर सकते हैं। आर्थिक दृष्टि से मई, अगस्त, सितम्बर, नवम्बर, दिसम्बर, फरवरी मास विशेष शुभ है। शेष महीनों में धन हानि संभावित है। अतः आर्थिक लेन-देन में सावधानी बरतें, वर्ष के पूर्वार्ध में दूर की यात्राएं लाभप्रद होंगी, बकाया धन की प्राप्ति होगी। इस वर्ष के पूर्वार्ध में आप अपनी पूर्वनियोजित योजनाओं को मूर्तरूप दे सकते हैं। यदि आप कोई नया व्यापार करने के इच्छुक हैं तो आप खनिज पदार्थों के व्यापार, जलीय पदार्थों के व्यापार, जल से उत्पन्न होने वाली वस्तुओं के व्यापार, सफेद वस्त्र के व्यापार, पावरलूम आदि से संबंधित व्यापार में दिलचस्पी लें इनमें आपको सफलता जल्दी हासिल हो जायेगी, व्यापार करने के पूर्व भली-भाँति विचार कर लेना परमावश्यक होगा। इस वर्ष आपको व्यापार से संबंधित राजकीय मसले व अन्य विशेष मसले निपटाने में सफलता हासिल होगी। प्रचार-प्रसार के माध्यम से इस वर्ष आप नाम और काम दोनों बढ़ा सकने में समर्थ होंगे। अधिक साहस का प्रदर्शन आपके लिये हानिप्रद हो सकता है। राजकीय सेवा से जुड़े लोंगों का स्थानान्तरण हो सकता है।
स्वास्थ्य एवं परिवार- पारिवारिक जिम्मेदारियाँ बढ़ेंगी, अनावश्यक व्यय से मानसिक क्लेश। पैतृक सम्पत्ति या प्रेम संबंधों को लेकर परिवार में विघटन की स्थिति बनेगी, दाम्पत्य जीवन की जिम्मेदारियों का निर्वाह करने में यद्यपि आप सफल होंगे परन्तु कहीं न कहीं दिल में एक टीस सी रहेगी। पत्नी की मान-मनुहार करने के बावजूद वे कुछ उखड़ी सी रहेंगी जिससे आपको खिन्नता होगी। पत्नी और परिवार के बीच में संतुलन कायम रखने में आपको अपना चातुर्यबल दिखाना है। स्वास्थ्य के दृष्टिकोण से सर्दी की बीमारियां, पेट की बीमारियां, श्वास-कास, अस्थमा, एलर्जी से कष्ट संभावित है। आपको चाहिये कि जीवन में शांति के लिये पत्नी-बच्चों को लेकर किसी हिल स्टेशन या तीर्थयात्रा पर घूम आयें इससे मन बहलेगा और तनाव से मुक्ति भी मिलेगी।
धारणार्थ रत्न- आप मोती चाँदी की अँगूठी में दो, चार, छह, ग्यारह रत्ती का सोमवार को रोहिणी नक्षत्र में धारण करें। उपरत्न चन्द्रकान्त मणि (मून स्टोन) चाँदी की अँगूठी में अथवा जड़ी क्षीरनी (खिरनी) की जड़ चाँदी के ताबीज में सोमवार को धारण करें।
