Horoscope 2020 कुम्भ राशि: नववर्ष में चुनौतियों के लिए तैयार रहें, किसी भी कार्य में जोखिम लेने से बचें
Horoscope 2020 नववर्ष 2020 के आगमन के साथ हर कोई जानना चाहता है कि इस साल उसकी किस्मत में क्या है? आइए ज्योतिषाचार्य पं राजीव शर्मा से जानते हैं कुम्भ का वार्षिक राशिफल।
Horoscope 2020 Aquarius: नववर्ष का आगमन हो चुका है। हर किसी को नववर्ष का इंतजार बेसब्री से था। पिछला वर्ष कैसा बीता, हम उसे याद करते हुए नए वर्ष को एक नई उम्मीद से देखते हैं। हर कोई जानना चाहता है कि नव वर्ष में उसकी किस्मत के तारे क्या कहते हैं? पिछले साल की तरह ही जीवन चुनौतियों से भरा होगा या जो सफलताएं और खुशियां मिली हैं, वह सिलसिला नए साल में भी चलेगा? नए साल में कार्य योजनाएं सफल होंगी? रिश्ते बेहतर रहेंगे? नौकरी या बिजनेस अच्छा चलेगा? ऐसे कई सवाल मन में आने लगते हैं। ऐसे में हम आपको बताने जा रहे हैं कि नववर्ष 2020 का वार्षिक राशिफल, जिसमें आपके सवालों के जवाब मिल सकेंगे।
वार्षिक राशिफल 2020
वर्ष 2020 का यह राशिफल पूर्णतः गोचर-ग्रहों पर आधारित है। शास्त्रों में ग्रहों के विभिन्न राशिगत एवं भावगत गोचर के आधार पर जो फल कहे गए हैं, उनका इस राशिफल को तैयार करने में अनुसरण किया गया है। व्यक्ति विशेष के लिए घटित घटनाएं गोचरगत ग्रहों के फलों के अलावा अन्य तथ्यों से भी प्रभावित होते हैं।
इन तथ्यों में प्रमुख है:- उनकी विद्यमान दशा अंतरदशा, प्रत्यन्तर दशा, वर्ष कुंडली एवं जन्म कुंडली में ग्रहों की स्थिति आदि। अतः प्रस्तुत राशिफल इन सीमाओं को ध्यान में रखते हुए देखा जाना चाहिए। राशिफल ग्रहों की स्थितियों के आधार पर मात्र पूर्वाकलन और मार्गदर्शन है, भविष्यवाणी नहीं है, इसे उसी दृष्टि से देखना चाहिए।
कुम्भ राशि: (गू,गे, गो,सा,सी,सू,से,सो,दा)
नया साल कुम्भ राशि के जातकों के लिए चुनौतियों भरा रहेगा। परिवार, नौकरी या बिजनेस के क्षेत्र में आपको नई-नई चुनौतियां आएंगी, जो आपके संयम, बुद्धि और विवेक की परीक्षा लेंगी। इस साल आप कोई ऐसे फैसले न लें, जिससे की आपके आय के साधनों पर नकारात्मक प्रभाव पड़े।
वर्ष 2020 में 24 जनवरी से वर्ष के अंत तक कुम्भ राशि पर शनि की साढ़ेसाती का प्रभाव रहेगा। इस कारण से परिवार एवं बिजनेस के क्षेत्र में परिश्रम से ही परिणाम प्राप्त हो सकेंगे। साढ़ेसाती के वजह से आपके आय के साधनों में कमी आ सकती है। इस वर्ष खर्च की अधिकता रहेगी, ऐसे में आप फिजूलखर्ची से बचें।
4 मई से 17 जून तक मंगल का कुम्भ राशि पर भ्रमण होगा और 11 मई से 28 सितम्बर तक शनि वक्री रहेगा। इन कारणों से आपको बिजनेस एवं घर के संबंध में कुछ परेशानियों का सामना करना पड़ेगा।
नए वर्ष 2020 में आपको सर्तक रहना होगा। वाहन सावधानीपूर्वक चलाएं। कुम्भ राशि के जातकों के लिए इस वर्ष दुर्घटना के शिकार होने की आशंका है। आप इस वर्ष किसी कार्य में जोखिम न लें, इससे आपको हानि हो सकती है।
उपाय: कुम्भ राशि वाले जातकों को शनि संबंधित उपाय करना श्रेष्ठ रहेगा। शनि मंत्र का जाप करें। सात शनिवार शनि मंदिर में शनि कवच का पाठ करें। पीपल के वृक्ष के नीचे सरसों के तेल का दीपक जलाएं। ऐसा करने से अवश्य ही लाभ होगा।
शुभ रंग: काला, नीला, हरा, क्रीम और पीला।
शुभ अंक: 5, 6 और 8।
शुभ देवता: श्रीहरि विष्णु, गणेश जी और भैरव जी।
शुभ व्रत: शनिवार और अष्टमी।
- ज्योतिषाचार्य पं राजीव शर्मा,
बालाजी ज्योतिष संस्थान, बरेली