आराध्य देवों के साथ खेली होली
धर्मानुरागी काशीवासियों ने चौसट्टी देवी दरबार में रंग अबीर अर्पित कर रंगपर्व की शुरूआत की। मंदिरों-मठों में आराध्यों संग होली खेली। फूल और अबीर गुलाल बरसाए। रच रच कर श्रृंगार किया और गीत भजन गाए। त्रिदेव मंदिर में भक्तों ने राणी सती दादी, सालासर हनुमान और खाटू श्याम प्रभु का भव्य श्रृंगार किया। फूलों से होली
वाराणसी। धर्मानुरागी काशीवासियों ने चौसट्टी देवी दरबार में रंग अबीर अर्पित कर रंगपर्व की शुरूआत की। मंदिरों-मठों में आराध्यों संग होली खेली। फूल और अबीर गुलाल बरसाए। रच रच कर श्रृंगार किया और गीत भजन गाए।
त्रिदेव मंदिर में भक्तों ने राणी सती दादी, सालासर हनुमान और खाटू श्याम प्रभु का भव्य श्रृंगार किया। फूलों से होली खेली व संगीतमय आराधना की। प्रदीप तुलस्यान, आरके चौधरी, सुरेश तुलस्यान, राधेगोविंद केजरीवाल आदि ने सुरवर्षा की। इस दौरान होली मिलन में बधाईयों का दौर भी चला।
श्याम मंडल ने लक्सा स्थित मंदिर में श्याम प्रभु के साथ फूलों की होली खेली। प्रभु की झांकी सजाई और निशान-खजाना वितरण किया। जयप्रकाश गाडोदिया, विजय अग्रवाल, बैजनाथ भालोटिया पवन कुमार अग्रवाल आदि ने संयोजन किया।
चित्रकूट रामलीला काशी ने बड़ागणोश स्थित नृसिंह चबूतरा पर भजन से प्रभु महिमा बखानी और प्रभु राम, सीता व भाइयों संग अबीर गुलाल खेला। पं. राधेमोहन व्यास ने अनुष्ठान कराए। मुकुंद लाल टंडन, राधेमोहन व्यास, मुकंद उपाध्याय, डा. जितेंद्र नाथ मिश्र, सुबोध अग्रवाल आदि शामिल थे।
मठ गड़वाघाट में रंग बरसे- संतमत अनुयायी आश्रम मठ गड़वाघाट में भक्तों ने गुरुदेव संग होली मनायी। एक दिन पूर्व से ही भक्तों का जुटान शुरू हो गया था। सुबह पूर्व पीठाधीश्वरों की समाधि पूजन के बाद पीठाधीश्वर स्वामी सरनानंद जी महाराज ने भक्तों पर रंग बरसाए। भजन व होली गीत भी गूंजे। दर्शन-पूजन का क्रम देर रात तक चला। अन्य आश्रमों में भी भक्तों ने आराध्यों संग होली खेली व आशीर्वाद लिया।