नई दिल्ली, Falgun Month 2023: वैदिक पंचांग के अनुसार, फाल्गुन मास 12वां माह माना जाता है। वहीं अंग्रेजी कैलेंडर के अनुसार फरवरी और मार्च माह में फाल्गुन मास पड़ता है। हिंदू धर्म में फाल्गुन मास का विशेष महत्व है। क्योंकि इस मास में भगवान शिव का विशेष दिन महाशिवरात्रि पड़ती है। इसके साथ ही इस मास में रंगों का पर्व होली भी पड़ती है। बता दें कि इस मास की शुरुआत 6 फरवरी 2023, सोमवार से हो रही है और समाप्ति 7 मार्च 2023, मंगलवार को हो रही है। जानिए फाल्गुन मास का आध्यात्मिक महत्व।

फाल्गुन मास में होती है इन देवी-देवता की पूजा

फाल्गुन मास में भगवान शंकर के अलावा माता सीता, श्री कृष्ण, मां लक्ष्मी और चंद्र देव की पूजा करने का विधान है। माना जाता है कि इस मास में इन देवी-देवता की पूजा करने से हर कष्ट से छुटकारा मिल जाता है और सुख-समृद्धि, धन-ऐश्वर्य की प्राप्ति होती है।

फाल्गुन मास 2023 का धार्मिक महत्व

फाल्गुन मास में भगवान शिव और भगवान विष्णु की विशेष कृपा प्राप्त होती है। क्योंकि इस मास में भगवान शिव को समर्पित महाशिवरात्रि और भगवान विष्णु से संबंधित आमलकी एकादशी का व्रत रखा जाता है।

फाल्गुन मास में दान का महत्व

माघ मास की तरह फाल्गुन मास में भी दान का विशेष महत्व है। इस माह में जरूरतमंदों की अपनी योग्यता के अनुसार शुद्ध घी, सरसों का तेल, मौसमी फल, अनाज, वस्त्र आदि का दान करना चाहिए। ऐसा करने से पुण्य की प्राप्ति होती है। इसके साथ ही पितरों का निमित्त तर्पण करने से शुभ फलों की प्राप्ति होती है।

फाल्गुन मास में पड़ने वाले प्रमुख व्रत त्योहार

17 फरवरी 2023 शुक्रवार- विजया एकादशी

18 फरवरी 2023 शनिवार- महाशिवरात्रि, मासिक शिवरात्रि, प्रदोष व्रत, शनि त्रयोदशी

20 फरवरी 2023 सोमवार- फाल्गुन अमावस्या, सोमवती अमावस्या

21 फरवरी, मंगलवार- फुलैरा दूज

3 मार्च 2023, शुक्रवार- आमलकी एकादशी

7 मार्च 2023, मंगलवार- होलिका दहन

8 मार्च 2023, बुधवार- होली

डिसक्लेमर- इस लेख में निहित किसी भी जानकारी/सामग्री/गणना की सटीकता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं है। विभिन्न माध्यमों/ज्योतिषियों/पंचांग/प्रवचनों/मान्यताओं/धर्मग्रंथों से संग्रहित कर ये जानकारियां आप तक पहुंचाई गई हैं। हमारा उद्देश्य महज सूचना पहुंचाना है, इसके उपयोगकर्ता इसे महज सूचना समझकर ही लें। इसके अतिरिक्त, इसके किसी भी उपयोग की जिम्मेदारी स्वयं उपयोगकर्ता की ही रहेगी।

Edited By: Shivani Singh