जामा मस्जिद को 30 जून तक किया गया बंद, जानें-मस्जिद से जुड़े कुछ रोचक तथ्य
आपको बता दें कि जामा मस्जिद दिल्ली की मुख्य धरोहरों में से एक है। इसे मुग़ल शासक शाहजहां ने बनवाया था। यह भारत की सबसे बड़ी मस्जिद है।
नई दिल्ली, लाइफस्टाइल डेस्क। दिल्ली में कोरोना वायरस संक्रमण के बढ़ते मामलों को देखते हुए जामा मस्जिद को बंद कर दिया गया है। इससे पहले इसी सप्ताह सोमवार को लंबे समय के बाद जामा मस्जिद को खोला गया था। खबरों की मानें तो जामा मस्जिद को 30 जून तक लिए बंद कर दिया गया है। इस बारे में जामा मस्जिद के इमाम ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा-"अगर ऐसी स्थिति उत्पन्न होती है, जहां मानव जीवन खतरे में हो, तो मानव जीवन की रक्षा के लिए यह जरूरी हो जाता है। शरिया यह बताता है कि लोगों की रक्षा करना सबसे बड़ा धर्म है।
उन्होंने आगे कहा कि हमने पहले भी नमाज़ी लोगों से अपील की थी कि वे अपने घरों से पांच वक्त की नमाज़ अदा करें। हाल तक स्थिति संतोषजनक थी। इस मद्देनजर जामा मस्जिद को खोला गया था, लेकिन एक बार फिर से स्थिति चिंताजनक हो गई है।
ऐसी स्थिति में हमने लोगों और विद्वानों से सलाह लेने के बाद यह निर्णय लिया है कि 30 जून तक जामा मस्जिद में कोई भी सामूहिक प्रार्थना नहीं की जाएगी। रोजाना जामा मस्जिद में पांच वक्त की नमाज कुछ चुनिंदा लोग करेंगे। जबकि आम जनमानस अपने घर से नमाज अदा करेंगे। गौरतलब है कि दिल्ली में एक बार फिर से कोरोना मरीजों की संख्या में बड़ी तेजी से इजाफा हो रहा है।
आपको बता दें कि जामा मस्जिद दिल्ली की मुख्य धरोहरों में से एक है। इसे मुग़ल शासक शाहजहां ने बनवाया था। यह भारत की सबसे बड़ी मस्जिद है। इस मस्जिद में एक साथ 25 हजार लोग नमाज अदा कर सकते हैं। जबकि मस्जिद का निर्माण 1650 से लेकर 1656 के बीच हुई है। मस्जिद का वास्तु कला अद्भुत है। बलुआ पत्थर से निर्मित इस मस्जिद में तीन दरवाजे हैं, तीन गुंबद हैं और दो पिलर्स हैं। इस मस्जिद को जामा मस्जिद जुमे की नमाज अदायगी के लिए कहा जाता है।