जल-थल शव वाहिनी का संचालन 3 दिन में
जल-थल शव वाहिनी का संचालन तीन दिनों के अंदर व्यवस्थित रूप से शुरू हो जाएगा। इसकी रूपरेखा तैयार करने के लिए 30 मार्च को वाराणसी विकास समिति के सदस्यों की बैठक होगी, कार्यालय खोला जाएगा, टोल फ्री नंबर भी सार्वजनिक किया जाएगा।
वाराणसी। जल-थल शव वाहिनी का संचालन तीन दिनों के अंदर व्यवस्थित रूप से शुरू हो जाएगा। इसकी रूपरेखा तैयार करने के लिए 30 मार्च को वाराणसी विकास समिति के सदस्यों की बैठक होगी, कार्यालय खोला जाएगा, टोल फ्री नंबर भी सार्वजनिक किया जाएगा।
इस आशय की जानकारी जल-थल शव वाहिनी व्यवस्था का जिम्मा उठाने वाली संस्था वाराणसी विकास समिति के अध्यक्ष आरके चौधरी ने रविवार को दी। उन्होंने बताया कि बैठक का आयोजन सामनेघाट स्थित एक सहयोगी के आवास पर किया जाएगा। वैठक में कार्यालय का स्थान निर्धारित किया जाएगा। जल व थल शव वाहिनी की कार्यविधि क्या व कैसे होगी, आदि विषयों पर भी चर्चा की जायेगी। बैठक में टोल फ्री नम्बर निर्धारित करके उसे आमजन के लिए जारी कर दिया जायेगा। श्री चौधरी ने बताया कि कार्यालय का प्रभारी काशी गोमती ग्रामीण बैंक के पूर्व अध्यक्ष एसएन त्रिपाठी को बनाया गया है। जल व थल शव वाहिनी की सेवा तीन दिनों के भीतर आरंभ कर दी जाएगी।
ज्ञात हो कि वित्तमंत्री अरुण जेटली व प्रख्यात कथा मर्मज्ञ संत मोरारी बापू ने शनिवार को जल-थल शव वाहिनी सेवा का अस्सी घाट के पास उद्घाटन किया था। इसमें सूरत के सांसद सीआर पाटिल का महत्वपूर्ण योगदान है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्राथमिकताओं में यह योजना महत्वपूर्ण है। प्रारंभ में अस्सी घाट पर चार जल शव वाहिनी व तीन थल शव वाहन का संचालन किया जाएगा। इसे विस्तार भी दिया जाना है।