क्या बेटे की गैर मौजूदगी में दामाद कर सकता है सास-ससुर का श्राद्ध? गरुड़ पुराण में लिखे इस रहस्य को समझें
गरुड़ पुराण के अनुसार, श्राद्ध कर्म का पहला अधिकार पुत्र को होता है, लेकिन क्या पुत्र की अनुपस्थिति में दामाद ...और पढ़ें

पुत्र की अनुपस्थिति में श्राद्ध कर्म के नियम क्या हैं? (Picture Credit: AI Generated)
HighLights
श्राद्ध का पहला अधिकार पुत्र को, फिर पौत्र या नाती को।
सामान्यतः दामाद को सास-ससुर का श्राद्ध नहीं करना चाहिए।
विशेष परिस्थितियों में बेटी की सहमति से दामाद कर सकता है।
धर्म डेस्क, नई दिल्ली। हिंदू धर्म में जिस तरह से अंतिम संस्कार के कुछ नियम बताए गए हैं, उसी तरह पिंड दान और श्राद्ध से जुड़ी कई बातें भी हैं जिनके बारे में गरुड़ पुराण में विस्तार से उल्लेख मिलता है। पितृ पक्ष की अवधि में हर पूर्वज का उनकी मृत्यु की तिथि के अनुसार श्राद्ध कर्म किया जाता है।
इस दौरान पूर्वजों के लिए तर्पण और दान करने का विधान भी है। गरुड़ पुराण में इन नियमों के बारे में विस्तार से लिखा है, जिसमें यह बताया गया है कि पूर्वजों के निमित्त श्राद्ध और पिंडदान घर का बड़ा बेटा करता है। यहीं कई बार मन में एक सवाल यह भी आता है कि क्या पुत्र की गैरमौजूदगी में बेटी या दामाद को श्राद्ध कर्म करने का अधिकार है?
हिंदू धर्म में श्राद्ध के नियम इसलिए बनाए गए हैं जिससे मृत आत्मा को शांति मिले। ऐसे में अगर दामाद श्राद्ध कर्म करेगा, तो क्या मृतक को मोक्ष मिलेगा? आइए आपको बताए हैं गरुड़ पुराण के इस रहस्य के बारे में।
क्या दामाद कर सकता है श्राद्ध कर्म?
हिंदू धर्म के पवित्र ग्रंथ गरुड़ पुराण में इस बारे में बताया गया है कि पूर्वजों के लिए श्राद्ध और तर्पण का सबसे पहला अधिकार बेटे को होता है।
यदि किसी परिवार में बेटा मौजूद न हो तो बेटे का पुत्र इस कर्म को कर सकता है। यदि वह भी मौजूद न हो, तो बेटी का बेटा यानी नाती श्राद्ध कर्म कर सकता है।
आमतौर पर दामाद को भी सास-ससुर के लिए बेटे का दर्जा मिला है, लेकिन जब श्राद्ध कर्म की बात आती है तब ऐसा कहा जाता है कि दामाद को अपने सास-ससुर के लिए श्राद्ध नहीं करना चाहिए। यदि किसी कारण से दामाद श्राद्ध कर भी देता है तो ये स्वीकार्य नहीं होता है और पूर्वजों की आत्मा को तृप्ति नहीं मिलती है।
दामाद के लिए श्राद्ध कर्म की मनाही क्यों है?
श्राद्ध कर्म हमेशा पुत्र के हाथों की करने की बात की जाती है क्योंकि गरुड़ पुराण में बताया गया है कि पुत्र शब्द दो अक्षरों 'पु' और 'त्र' से बना है। यहां 'पु' का अर्थ है नरक या पाप और 'त्र' का अर्थ है मुक्त करना या मुक्ति दिलाना। इसलिए, पुत्र को पापों से मुक्ति दिलाने वाला माना जाता है।
वहीं दामाद को ऊंचा स्थान दिया गया है और मान्यता है कि दामाद के श्राद्ध कर्म करने से सास-ससुर की आत्मा को मुक्ति नहीं मिलती है। यही नहीं इन्हीं कारणों से ही दामाद को सास-ससुर की मृत्यु पर उनके शव को न तो कंधा देने की अनुमति है और न ही मुखाग्नि देना उचित माना जाता है।
यदि दामाद सास या ससुर के अंतिम संस्कार और श्राद्ध की कोई भी रस्म निभाता है, तो उनके अच्छे कर्मों का फल पाने की संभावना कम हो जाती है।
किस परिस्थिति में दामाद पिंड दान कर सकता है?
कुछ विशेष परिस्थिति में जैसे कि परिवार में पुत्र, पौत्र, नाती कोई भी न हो और दामाद के माता-पिता जीवित हों, उस समय दामाद बेटी की सहमति से श्राद्ध कर्म कर सकता है। सास-ससुर का श्राद्ध करते समय दामाद को इस बात का विशेष ध्यान रखने की जरूरत है कि वो सभी रस्मों को सम्मान पूर्वक निभाए।
किसी दबाव में आकर और नकारात्मक विचारों के साथ दामाद को कभी भी श्राद्ध कर्म नहीं करने चाहिए। वहीं अगर दामाद अपने घर का छोटा बेटा है, तो उसे यह रस्म नहीं निभानी चाहिए।
श्राद्ध के कुछ नियम गरुड़ पुराण में बताए हैं और उनका पालन जरूरी माना जाता है, जिससे पूर्वजों की आत्मा को मुक्ति मिले।
यह भी पढ़ें- जिनकी कोई संतान नहीं होती, उनका श्राद्ध कौन करता है? गरुड़ पुराण में छिपा है जवाब
यह भी पढ़ें- अनंत चतुर्दशी आज, कल से शुरू होगा पितृपक्ष; 10 अक्टूबर तक चलेंगे श्राद्ध कर्म, नोट करें शुभ मुहूर्त
अस्वीकरण: इस लेख में बताए गए उपाय/लाभ/सलाह और कथन केवल सामान्य सूचना के लिए हैं। दैनिक जागरण यहां इस लेख फीचर में लिखी गई बातों का समर्थन नहीं करता है। इस लेख में निहित जानकारी विभिन्न माध्यमों/ज्योतिषियों/पंचांग/प्रवचनों/मान्यताओं/धर्मग्रंथों/दंतकथाओं से संग्रहित की गई हैं। पाठकों से अनुरोध है कि लेख को अंतिम सत्य अथवा दावा न मानें एवं अपने विवेक का उपयोग करें। दैनिक जागरण अंधविश्वास के खिलाफ है।
