मंगलनाथ मंदिर में 26 मई से फिर शुरू होगी भातपूजा
मंगलनाथ मंदिर में 26 मई से फिर भातपूजा शुरू होगी।
उज्जैन। मंगलनाथ मंदिर में 26 मई से फिर भातपूजा शुरू होगी। देश-विदेश के भक्त महामंगल की भातपूजा कर सकेंगे। सिंहस्थ महापर्व के दौरान सुलभ दर्शन व्यस्था के लिए मंदिर प्रशासन ने भातपूजा पर रोक लगा रखी थी।
मंदिर प्रशासक नरेंद्रसिंह राठौर ने बताया सिंहस्थ महापर्व के दौरान करीब 1 करोड़ से अधिक भक्तों ने महामंगल के दर्शन किए। भक्तों को प्रतिदिन 20 घंटे महामंगल के दर्शन हुए। सिंहस्थ के दौरान लागू की गई दर्शन व्यवस्था 25 मई तक रहेगी। 26 मई से फिर भातपूजा का क्रम शुरू हो जाएगा।
गर्भगृह में मिलेगा प्रवेश
सिंहस्थ के दौरान आम भक्तों का गर्भगृह में प्रवेश बंद था। 26 मई से भक्तों को गर्भगृह में प्रवेश मिलने लगेगा। श्रद्धालु भगवान का जलाभिषेक भी कर सकेंगे।
भेंट पेटी से निकले 4 लाख
सिंहस्थ महापर्व के दौरान भक्तों ने दिल खोलकर दान दिया। अब तक पांच बार मंदिर की भेंट पेटी खुल चुकी है। शनिवार को भेट पेटी गणना में करीब 4 लाख रुपए निकले।
महाकाल में 26 से भस्मारती अनुमति
महाकाल मंदिर में भी 26 मई से भक्तों को भस्मारती दर्शन अनुमति मिलने लगेगी। हालांकि अधिकारी कुछ भी कहने से बच रहे हैं। लेकिन सूत्र बताते हैं कि 26 मई से मंदिर के भस्मारती दर्शन काउंटर से अनुमति देने की शुरुआत हो जाएगी। इसकी तैयारी चल रही है। सिंहस्थ के दौरान भस्मारती अनुमति व्यवस्था बंद है। भक्तों को आरती के चलायमान दर्शन हो रहे हैं।