अमरनाथ यात्रा अवधि बढ़ाने पर विचार करेगी सरकार
सुप्रीम कोर्ट की फटकार और भाजपा के विरोध के बीच सरकार अब अमरनाथ यात्रा की अवधि बढ़ाने पर विचार का मन बना रही है। केंद्रीय गृह मंत्री सुशील कुमार शिंदे ने राज्य सभा में इसका भरोसा दिया है।
नई दिल्ली। सुप्रीम कोर्ट की फटकार और भाजपा के विरोध के बीच सरकार अब अमरनाथ यात्रा की अवधि बढ़ाने पर विचार का मन बना रही है। केंद्रीय गृह मंत्री सुशील कुमार शिंदे ने राज्य सभा में इसका भरोसा दिया है।
नेता प्रतिपक्ष अरुण जेटली ने मंगलवार को ध्यानाकर्षण प्रस्ताव के जरिये अमरनाथ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की मौत पर गहरी चिंता जताते हुए सरकार को कठघरे में खड़ा किया। उन्होंने यात्रा की बदइंतजामी और अमरनाथ श्राइन बोर्ड के सदस्यों की मंशा पर गंभीर चिंता जताई। जेटली ने कहा, एक ओर जहां श्रद्धालुओं की संख्या में भारी वृद्धि हो रही है, वहीं यात्रा की अवधि में लगातार कटौती की जा रही है। यात्रा हकीकत है।
इस यात्रा से कश्मीर घाटी में अर्थव्यवस्था सुधरी है। राज्य सरकार और श्राइन बोर्ड को मिलकर स्थायी संसाधन बनाने, यात्रा की अवधि बढ़ाने और बोर्ड के सदस्यों के चयन की प्रक्रिया पर विचार करना चाहिए। चर्चा में हिस्सा लेते हुए कांग्रेसी सदस्य डॉक्टर कर्ण सिंह ने कहा, यात्रियों की संख्या में अभूतपूर्व वृद्धि हुई है, जिसकी वजह से कई मुश्किलें बढ़ी हैं। लिहाजा राज्य सरकार और श्राइन बोर्ड की मंशा पर शक करना ठीक नहीं है। दरअसल यात्रा के आरंभ का समय बर्फ पड़ने पर तय होता है। लेकिन, जब यूरोपीय देशों में सालभर बर्फ पड़ती है, तब भी उनका कोई काम नहीं रुकता। फिर यहां भी ऐसी व्यवस्था की जा सकती है।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर