Move to Jagran APP

सावन में सज गए पहाड़ी बाबा

सावन का महीना बुधवार यानी चार जुलाई से शुरू हो रहा है। सावन को शिव का महीना कहा जाता है। शिव के इस मास में शिवभक्त अपने आराध्य को जल चढ़ाते हैं।

By Edited By: Published: Wed, 04 Jul 2012 03:46 PM (IST)Updated: Wed, 04 Jul 2012 03:46 PM (IST)

रांची। सावन का महीना बुधवार यानी चार जुलाई से शुरू हो रहा है। सावन को शिव का महीना कहा जाता है। शिव के इस मास में शिवभक्त अपने आराध्य को जल चढ़ाते हैं। झारखंड की भूमि शिव भूमि है। यहां का कंकर-कंकर शंकर है। यहां कई पहाड़ों पर शिवलिंगों की बहुतायत है। रांची की पहाड़ी पर शिव विराजमान हैं। इन्हें पहाड़ी बाबा पुकारते हैं। रांची और आस-पास के लोग बाबा पहाड़ी पर जल चढ़ाते हैं। सावन की प्रत्येक सोमवारी को यहां हजारों की भीड़ उमड़ पड़ती है। बाबा भक्तों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए इस बार जाने के लिए अलग रास्ता बनाया जा रहा है, यह पहली सोमवारी तक बन जाएगा।

loksabha election banner

पहाड़ी पर जर्जर पेड़ों की कटाई शुरू- मंगलवार के अंक में दैनिक जागरण ने पहाड़ी पर जर्जर पेड़ों की कटाई की मांग उठाई थी। मंगलवार को 11 बजे वनक्षेत्र पदाधिकारी सुशील उरांव एवं वनपाल प्रेम सागर पहुंचे और जर्जर पेड़ों की कटवाना शुरू करा दिया। अभी आधा दर्जन पेड़ों को काटा जाएगा, जो सीधे सड़क से वास्ता रखते हैं।

पहाड़ी पर लगेंगे 12 हजार पौधे -पहाड़ी पर 12 हजार रंग-बिरंगे पौधे लगाए जाएंगे। दूर से या ऊपर से पहाड़ी रंग-बिरंगी दिखाई देगी। सुशील उरांव ने बताया कि सीढ़ीवार पेड़ लगाए जाएंगे। जैसे गुलमोहर की एक लाइन लगेगी। इसके बाद बेल, कनेर, पेल्टाफार्म, जेकरेंडा के अलावा अशोक के सौ वृक्ष लगाए जाएंगे। बरगद व पीपल भी जगह-जगह लगेंगे।

लगा ध्वनि विस्तारक यंत्र- पहाड़ी पर ध्वनि विस्तारक यंत्र लगा दिया गया। समय-समय पर इससे सूचनाएं भी प्रसारित होंगी। इसके साथ ही मधुर स्वर में भक्त शिव की महिमा भी सुनेंगे।

12 दुकानें हटाई गई- पहाड़ी मंदिर से 12 दुकानें हटाई गई। रातू रोड से पहाड़ी के रास्ते पर अस्थायी पूजा सामग्री की दुकानों को हटा दिया गया। एसआई प्रमोद पांडेय ने दो घंटे की मोहलत दी। कहा, दो घंटे में हटा लें अन्यथा जेसीबी से दुकानें तुड़वानी पड़ेगी। दुकानदारों ने अपना सामान समेटना शुरू कर दिया।

मुख्य मंदिर की रंगाई पूरी- मुख्य मंदिर की रंगाई पूरी हो गई। इसी के साथ पहाड़ी पर लगे पेड़ों पर भी जड़ से चार फीट तक चूना पोता गया। मंदिर कार्यालय का भी तेजी से निर्माण किया जा रहा है।

बैंक ऑफ इंडिया के एटीएम का उद्घाटन- मुख्य द्वार से बाई ओर बैंक ऑफ इंडिया के एटीएम का उद्घाटन सावन के पहले दिन साढ़े दस बजे किया जाएगा। बुधवार को बीओआई के डीजीएम त्रिलोचन सिंह, मेयर रमा खलखो, एसडीओ शेखर जमुआर आदि मौजूद रहेंगे। इसके साथ ही पौधरोपण का भी शुभारंभ किया जाएगा। पंडा धर्मरक्षिणी सभा ने की बाबा नागेश की विशेष पूजा-

माह व्यापी चलने वाले श्रावणी मेला निर्विघ्नतापूर्वक संपन्न हो और बाबा बासुकिनाथ की कृपा पर सबों पर बनी रहे की कामना को लेकर मंगलवार को बासुकिनाथ पंडा धर्मरक्षिणी सभा द्वारा बाबा नागेश की विशेष पूजा-अर्चना की गयी। बासुकिनाथ पंडा धर्मरक्षिणी सभा के नेतृत्व में 51 पंडितों के दल द्वारा फौजदारी दरबार में षोड्शोपचार पूजन, नवग्रह पजन, गणेश-अंबिका पूजन एवं शांति पाठ किया गया।

इसके अलावा बाबा पर सवा लाख विल्लव पत्र, दूध, दही, घी, मधु, इत्र, अबीर, गुलाल, जनेउ, पान पत्ता, सुपाड़ी, भांग, गांजा, गुलाब जल समेत अन्य सामग्रियों से रूद्राभिषेक किया गया। इस मौके पर सभा द्वारा ग्राम, देश, यजमान के कल्याण के लिए व समाज में आपसी सौहार्द बनाये रखने के लिये विशेष प्रार्थना की गयी। मालूम हो कि प्रत्येक वर्ष श्रावणी मेला के पूर्व पंडा-पुरोहित समाज द्वारा यह अनुष्ठान किया जाता है। इसमें बासुकिनाथ पंडा धर्मरक्षिणी सभा के अध्यक्ष मनोज पंडा, पंडित मणी कांत झा उर्फ मन्नौ बाबा, सदाशिव पंडा, संजय झा, राजू झा, नीलकंठ झा, सोनू झा, जगरनाथ पंडा सुखदेव झा, कारू बाबा, राधे झा, मुन्ना पांडेय, मोहनानंद झा, पंडित जितेन्द्र झा, मिथिलेश झा, तेजनारायण पत्रलेख, धर्मेन्द्र झा, कुणाल झा, सुमन झा, शास्त्री झा सहित पंडा समाज के सैकड़ों लोगों ने हिस्सा लेकर धार्मिक अनुष्ठान को संपन्न कराया।

पहले दिन कम सुनाई दी कांवर की रुनझुन-

मंगलवार को सुल्तानगंज के नई सीढ़ीघाट में श्रावणी मेला का उद्घाटन हो रहा था। उद्घाटन के समय हर वर्ष कांवरियों का रेला चलता था। लेकिन इस बार दिन में कांवरियों की बोल बम की गूंज काफी कम सुनाई दी। कांवरियों के कांवर की रूनझुन की आवाज उद्घाटन के लिए आए मंत्रियों को भी नहीं सुनाई दी। दिन में गर्मी और धूप रहने के कारण पूर्णिमा के दिन कम कांवरिया जल उठाकर चले। यहां तक कि मंत्रियों का जब संबोधन हो रहा था तो गिनती के श्रद्धालु वहां थे। उद्घाटन समारोह में स्वास्थ्य मंत्री अश्रि्वनी कुमार चौबे ने बोल बम और शिव का नाम कई बार लिया। भाषण सम्पन्न होने के बाद सभी मंत्री अजगवीनाथ मंदिर में पूजा करने पहुंचे।

मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.