अमरनाथ यात्रा: रिकॉर्ड बनाने की ओर यात्रा
श्री अमरनाथ यात्रा के पहले पांच दिन में एक लाख और आठ दिन में डेढ़ से अधिक श्रद्धालु पवित्र हिमलिंग के दर्शन कर चुके हैं। वाकई, यह आंकड़ा चौकाने वाला है।
जम्मू। श्री अमरनाथ यात्रा के पहले पांच दिन में एक लाख और आठ दिन में डेढ़ से अधिक श्रद्धालु पवित्र हिमलिंग के दर्शन कर चुके हैं। वाकई, यह आंकड़ा चौकाने वाला है। श्रद्धालुओं का उत्साह यूं ही बरकरार रहा तो यात्रा रिकॉर्ड भी बना सकती है। 25 जून से शुरू हुई अमरनाथ यात्रा दो अगस्त को खत्म होगी। इस बार यात्रा 39 दिन की है।
सोमवार को यात्री निवास भगवती नगर जम्मू से 4095 श्रद्धालुओं का एक और जत्था पहलगाम और बालटाल के लिए रवाना हुआ। जत्थे में 2910 पुरुष, 836 महिलाएं, 197 बच्चे और 152 साधु शामिल थे, जो एसआरटीसी की 44 बसों, 40 प्राइवेट बसों और 48 हलके वाहनों पर यात्रा पर निकले। पिछले दो दिन से रवाना होने वाले यात्रियों की संख्या रोजाना चार हजार का आंकड़ा पार कर रही है।
यात्री निवास में क्षमता से अधिक श्रद्धालु-
अमरनाथ यात्रा के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ लगातार बढ़ती ही जा रही है। स्थिति यह है कि भगवती नगर यात्री निवास भवन में क्षमता से तीन गुणा ज्यादा श्रद्धालुओं की भीड़ जुट रही है। भवन में श्रद्धालुओं के ठहरने के लिए बने 13 कक्षों में महज 1300 श्रद्धालुओं के ठहराने की ही क्षमता है। यहां पर प्रतिदिन 3500 से चार हजार श्रद्धालु ठहर रहा है। इसका परिणाम है कि लोग शाम बाद भवन परिसर में खुले में बसेरा डाल रहे हैं। वहीं भवन परिसर में ज्यादा भीड़ के चलते कुछ श्रद्धालु भगवती नगर क्षेत्र में किराये पर कमरा लेकर काम चला रहे हैं। वहीं यह भी कहा जा रहा है कि तत्काल पंजीकरण के कारण भी श्रद्धालुओं की संख्या में बढ़ोतरी हुई है। श्रद्धालु बढ़ने से यहां अव्यवस्था बनी है।
पर्यटन विभाग के डिप्टी डायरेक्टर पंकज शर्मा का कहना है कि श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ गई है। हमने इनके ठहरने के लिए भवन परिसर में भी अतिरिक्त शेड भी बनाए हैं।
वर्ष आंकड़ा
2011 6.35 लाख
2010 4.55 लाख
2009 3.73 लाख
2008 4.98 लाख
2007 2.13 लाख
2006 2.65 लाख
2005 3.88 लाख
2004 4.00 लाख
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर