Satyanarayan Vrat के नियम क्या हैं? पूजा से पहले जान लें 10 जरूरी बातें, व्रत रखने वालों के लिए संपूर्ण गाइड
सत्यनारायण व्रत के नियम क्या हैं, पूजा से पहले जान लें 10 जरूरी बातें, जानें व्रत रखने वालों के लिए ...और पढ़ें

सत्यनारायण व्रत की पूजा। (Picture Credit- AI Generated)
HighLights
पूर्णिमा तिथि सत्यनारायण व्रत के लिए विशेष शुभ मानी जाती है।
पूजा से पहले घर और पूजा स्थल की अच्छी तरह सफाई करें।
पंचामृत और पंजीरी का भोग सत्यनारायण पूजा में विशेष महत्व रखता है।
धर्म डेस्क, नई दिल्ली। भगवान विष्णु के सत्य स्वरूप की पूजा के लिए सत्यनारायण व्रत रखा जाता है। हिंदू धर्म में इस व्रत का विशेष महत्व है। मान्यता है कि सच्चे मन और पूरी श्रद्धा से भगवान सत्यनारायण की पूजा करने से घर में सुख-समृद्धि आती है और जीवन की परेशानियां दूर होती हैं।
आमतौर पर पूर्णिमा के दिन यह पूजा की जाती है। हालांकि, किसी शुभ अवसर जैसे गृह प्रवेश, विवाह या संतान के जन्म पर भी सत्यनारायण कथा कराई जाती है। आइए जानते हैं सत्यनारायण व्रत और पूजा के 10 जरूरी नियम।
किस दिन करना चाहिए सत्यनारायण व्रत?
सत्यनारायण भगवान की पूजा के लिए पूर्णिमा तिथि को विशेष शुभ माना जाता है। इसके अलावा एकादशी, संक्रांति और अन्य शुभ अवसरों पर भी यह पूजा की जा सकती है। आप अपनी श्रद्धा और सुविधानुसार पूजा का दिन चुन सकते हैं।
व्रत में रखें उपवास का ध्यान
सत्यनारायण व्रत रखने वाले भक्त सुबह स्नान के बाद व्रत का संकल्प लेते हैं। इस दौरान अपनी सामर्थ्य और स्वास्थ्य के अनुसार फलाहार या निराहार रह सकते हैं। पूजा, कथा और आरती पूरी होने के बाद प्रसाद ग्रहण करके व्रत का पारण किया जा सकता है।
पूजा स्थल की करें साफ-सफाई
पूजा से पहले घर और पूजा स्थल की अच्छी तरह सफाई करें। इसके बाद गंगाजल छिड़ककर स्थान को पवित्र करें। मुख्य द्वार पर आम के पत्तों का तोरण और रंगोली बनाकर घर को सजा सकते हैं।
चौकी पर स्थापित करें भगवान विष्णु की मूर्ति
एक साफ चौकी पर पीला या लाल कपड़ा बिछाएं। इसके ऊपर भगवान सत्यनारायण यानी भगवान विष्णु की मूर्ति या तस्वीर स्थापित करें। भगवान को पीले फूल और पीले वस्त्र अर्पित करना शुभ माना जाता है।
कलश स्थापना का रखें ध्यान
पूजा की चौकी के पास जल से भरा तांबे या पीतल का कलश रखें। कलश में सुपारी, अक्षत और सिक्का डाल सकते हैं। इसके ऊपर आम के पत्ते रखकर नारियल स्थापित करें। इसे पूजा में मंगल और शुभता का प्रतीक माना जाता है।
गणेश जी की पूजा से करें शुरुआत
किसी भी शुभ पूजा से पहले भगवान गणेश का स्मरण करना चाहिए। इसके बाद नवग्रहों का आह्वान करके पूजा का संकल्प लें। संकल्प लेते समय हाथ में जल, अक्षत और पुष्प लेकर भगवान से व्रत सफल होने की प्रार्थना करें।
पंचामृत और पंजीरी का लगाएं भोग
सत्यनारायण पूजा में पंचामृत का विशेष महत्व है। इसे दूध, दही, घी, शहद और शक्कर मिलाकर तैयार किया जाता है। इसमें केले के टुकड़े और तुलसी दल भी डाल सकते हैं। इसके अलावा आटे या सूजी से बनी पंजीरी का भोग लगाया जाता है। कई जगह सवा मात्रा में प्रसाद बनाने की परंपरा है।
पूरी श्रद्धा से सुनें सत्यनारायण कथा
भगवान सत्यनारायण की पूजा में कथा श्रवण बहुत महत्वपूर्ण माना जाता है। इस कथा के पांच अध्याय होते हैं। परिवार के सभी सदस्यों को एक साथ बैठकर कथा सुननी चाहिए। कथा के दौरान बीच में उठने या बातचीत करने से बचना चाहिए।
कथा के बाद करें आरती
कथा पूरी होने के बाद भगवान सत्यनारायण की आरती करें। इसके लिए घी का दीपक और कपूर इस्तेमाल कर सकते हैं। अपनी सामर्थ्य के अनुसार हवन भी कर सकते हैं। इसके बाद सभी लोगों में प्रसाद बांटें।
यह भी पढ़ें- क्या आप भी करा रहे हैं सत्यनारायण कथा? पूर्ण फल के लिए अभी जान लें दिशा, भोग और पूजा के अहम नियम
यह भी पढ़ें- गणेश पूजा हो या सत्यनारायण कथा, पंचामृत के बिना अधूरी है भगवान की पूजा, पढ़ें इसका महत्व
अस्वीकरण: इस लेख में बताए गए उपाय/लाभ/सलाह और कथन केवल सामान्य सूचना के लिए हैं। दैनिक जागरण तथा जागरण न्यू मीडिया यहां इस लेख फीचर में लिखी गई बातों का समर्थन नहीं करता है। इस लेख में निहित जानकारी विभिन्न माध्यमों/ज्योतिषियों/पंचांग/प्रवचनों/मान्यताओं/धर्मग्रंथों/दंतकथाओं से संग्रहित की गई हैं। पाठकों से अनुरोध है कि लेख को अंतिम सत्य अथवा दावा न मानें एवं अपने विवेक का उपयोग करें। दैनिक जागरण तथा जागरण न्यू मीडिया अंधविश्वास के खिलाफ है
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।