जानें, सोमवार के दिन भगवान शिव की पूजा क्यों की जाती है और क्या है इसकी कथा
मान्यता है कि सोमवार के दिन भगवान शिव एवं माता पार्वती की पूजा करने से व्यक्ति के सभी मनोरथ सिद्ध हो जाते हैं। सोमवार के दिन भगवान शिव जी की पूजा का विधान है।
दिल्ली, लाइफस्टाइल डेस्क। सोमवार का दिन शिव जी को समर्पित होता है। इस दिन भगवान शिव एवं माता पार्वती की पूजा-उपासना की जाती है। खासकर सावन के महीने में सोमवार का विशेष महत्व होता है। धार्मिक मान्यता है कि सोमवार के दिन भगवान शिव एवं माता पार्वती की पूजा करने से व्यक्ति के सभी मनोरथ सिद्ध हो जाते हैं। हिन्दू धार्मिक ग्रंथों में सोमवार के दिन भगवान शिव जी की पूजा का विधान है। आइए जानते हैं कि क्यों सोमवार के दिन भगवान शिव की पूजा-उपासना की जाती है-
कथा
पौराणिक कथा के अनुसार, चिरकाल में चंद्रमा ने राजा दक्ष की सभी 27 मुंहबोली बेटियों से शादी की, लेकिन शादी के बाद उनके व्यवहार में बदलाव आ गया। इस बदलाव में चंद्रमा रोहिणी नक्षत्र से अधिक निकट आ गए। जबकि अन्य बेटियों से विरक्ति होनी लगी। इससे रोहिणी की बहनों को दुःख हुआ। उन्होंने इसकी शिकायत अपने पिता दक्ष से की।
जब राजा दक्ष को इस बात की जानकारी मिली तो उन्होंने चंद्र देव से पक्षपात नहीं करने की सलाह दी, लेकिन चंद्र देव नहीं माने। इसके बाद राजा दक्ष ने उन्हें शाप दे दिया कि उनकी चमक और आकार दोनों क्षीण हो जाएंगे। इस शाप के चलते चंद्र देव की चमक और आकार घटने लगे। यह जान चंद्र देव ब्रह्मा जी के पास पहुंचे। उन्हें अपनी आप-बीती सुनाई तो ब्रह्मा जी ने उन्हें भगवान शिव की पूजा-उपासना करने की सलाह दी।
कालांतर में चंद्र देव ने शिव जी की आराधना की। इस पूजा-उपासना के पुण्य प्रताप से चंद्र देव को अपनी रोशनी वापस मिल गई, लेकिन राजा दक्ष के शाप से वह पूरी तररह से मुक्त नहीं हो पाए। चंद्र देव को शाप से मुक्ति दिलाने के लिए भगवान शिव को सोमदेव भी कहा गया है। इस वजह से सोमवार के दिन भगवान शिव की पूजा करने का विधान है।