न फूल, न प्रसाद! सूरत के इस 100 साल पुराने मंदिर में चढ़ाई जाती है जलती हुई सिगरेट
सूरत के अथवाल लाइन्स में स्थित 100 साल से अधिक पुराने भूत मामा मंदिर में भक्त फूल-मिठाई की जगह सिगरेट ...और पढ़ें

भारत का सिगरेट चढ़ाने वाला मंदिर

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
धर्म डेस्क, नई दिल्ली। भारत में कई ऐसे मंदिर हैं, जहां देवी-देवताओं का अनोखा चढ़ावा चढ़ाया जाता है, लेकिन गुजरात के सूरत में स्थित एक खास मंदिर जहां भक्त भगवान को फूल और मिठाई नहीं, बल्कि सिगरेट क चढ़ावा चढ़ाते हैं। मंदिर में आने वाले श्रद्धालु इस विश्वास के साथ सिगरेट जलाकर रखते हैं कि, बंजारा भूत मामा उनकी मनोकामना पूरी करेंगे।
सूरत के अथवाल लाइन्स इलाके में आदर्श सोसाइटी के अंतर्गत स्थित यह मंदिर करीब 100 साल से भी ज्यादा पुराना बताया जाता है। कुछ लोग मंदिर की आयु करीब 125 से 130 साल तक भी बताते हैं। इस मंदिर की खासियत सिर्फ इसकी आयु ही नहीं, बल्कि पीढ़ियों से चली आ रही अनोखी परंपरा भी है।
एक बंजारा संरक्षक की कहानी
स्थानीय लोककथाओं के मुताबिक, यह कहानी उस समय की है, जब बंजारा समुदाय के लोग इस इलाके में रहते थे। सालों पहले जब समुदाय को खाने की गंभीर कमी का सामना करना पड़ा, तब एक बंजारा की मौत हो गई। उनकी स्मृति में एक समाधि बनाई गई और समय के साथ उन्हें स्थानीय रूप से भूत मामा के रूप में पूजा जाने लगा।
वहीं कुछ लोगों का ऐसा भी मानना है कि, भूत मामा एक रक्षक देवता हैं, जिन्होंने ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए अपने प्राणों का बलिदान दिया था। उनकी मौत के बाद लोग उन्हें संरक्षक देवता मानकर रक्षा और आशीर्वाद के लिए प्रार्थना करते हैं।
मंदिर में भक्त सिगरेट क्यों चढ़ाते हैं?
इस मंदिर की सबसे अनोखी परंपरा सिगरेट चढ़ाना है। स्थानीय मान्यताओं के मुताबिक, भूत मामा को धूम्रपान का काफी शौक था। इसी कारण से भक्त भक्ति भाव के प्रतीक के रूप में उन्हें सिगरेट भेंट करते हैं। कुछ भक्त मंदिर में सीधे सिगरेट का पैकेट रख देते हैं, जबकि अन्य देवता के सामने सिगरेट जलाते हैं।
बताया जाता है कि, एक दिन में मंदिर में दर्जनों सिगरेट अर्पित की जाती हैं। यहां दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं के लिए सिगरेट सिर्फ सिगरेट ही नहीं, बल्कि एक प्रतीकात्मक अर्पण बन गया, जिसे वे भूत मामा को खासतौर पर खुश करने के लिए भेंट करते हैं।
विवाह से जुड़ी बाधाओं को दूर करते हैं भूत मामा
इस मंदिर की लोकप्रियता सिर्फ इसकी अनोखी रस्मों तक ही सीमित नहीं है। भक्त भूत मामा के दर्शन के लिए आते हैं और उनके मन में विवाह, पारिवारिक जीवन, स्वास्थ्य और आजीविका से जुड़ी कई तरह की आशाएं और समस्याएं होती हैं।
भूत मामा मंदिर को लेकर भक्तों का कहना है कि, जो लोग अपने विवाह में बाधाओं का सामना कर रहे हैं या बेहतर जीवनसाथी की तलाश कर रहे हैं, तो सच्चे मन से भूत मामा के दर्शन करने से विवाह से जुड़ी बाधाएं दूर होती हैं।
यह भी पढ़ें- महाकाल की नगरी का 'वरसिद्धि मंदिर', जहां उल्टा स्वास्तिक बनाने और सांकल बजाने से जल्द बजती है शहनाई
यह भी पढ़ें- ना मूर्ति, ना कोई तस्वीर... इस मंदिर में क्यों मिट्टी के हाथी चढ़ाते हैं लोग? वजह जानकर रह जाएंगे हैरान!
अस्वीकरण: इस लेख में बताए गए उपाय/लाभ/सलाह और कथन केवल सामान्य सूचना के लिए हैं। दैनिक जागरण तथा जागरण न्यू मीडिया यहां इस लेख फीचर में लिखी गई बातों का समर्थन नहीं करता है। इस लेख में निहित जानकारी विभिन्न माध्यमों/ज्योतिषियों/पंचांग/प्रवचनों/मान्यताओं/धर्मग्रंथों/दंतकथाओं से संग्रहित की गई हैं। पाठकों से अनुरोध है कि लेख को अंतिम सत्य अथवा दावा न मानें एवं अपने विवेक का उपयोग करें। दैनिक जागरण तथा जागरण न्यू मीडिया अंधविश्वास के खिलाफ है।
