सृष्टि के रचयिता होने के बावजूद क्यों नहीं होती ब्रह्मा जी की पूजा? पुष्कर में मौजूद उनके इकलौते मंदिर का रहस्य
राजस्थान के पुष्कर में स्थित ब्रह्मा जी का इकलौता मंदिर उनकी पूजा न होने के रहस्य को उजागर करता है। यह मंदिर देवी सावित्री के श्राप और एक प्राचीन यज्ञ की कथा से जुड़ा है, जहां ब्रह्मा जी की विशेष रूप से आराधना की जाती है।

पुष्कर में मौजूद सृष्टि रचयिता ब्रह्मा जी का मंदिर (Picture Credit: AI Generated)
HighLights
ब्रह्मा जी का एकमात्र मंदिर राजस्थान के पुष्कर में स्थित है।
मंदिर की कहानी देवी सावित्री के श्राप से जुड़ी है।
पुष्कर मेला कार्तिक माह में मंदिर दर्शन का उत्तम समय।
धर्म डेस्क, नई दिल्ली। हमारा देश भारत विभिन्न आध्यात्मिक कथाओं की पृष्ठभूमि माना जाता है। यहां अनगिनत मंदिर हैं, जिनकी अपनी अलग गाथा है। हर साल लाखों की संख्या में भक्त मंदिरों के दर्शन के लिए जाते हैं और ईश्वर का पूजन करके आशीर्वाद लेते हैं। वहीं एक सवाल मन में यह भी आता है कि इतने मंदिरों में से सृष्टि रचयिता ब्रह्मा जी का आखिर एक ही मंदिर क्यों है।
त्रिदेवों में से एक ब्रह्मा जी की पूजा वास्तव में मंदिरों में क्यों नहीं होती है और राजस्थान के पुष्कर में स्थित ब्रह्मा मंदिर का रहस्य क्या है? इसके बारे में मान्यता है कि इस मंदिर का संबंध भगवान ब्रह्मा के एक प्राचीन यज्ञ और देवी सावित्री से जुड़ी कथा से है।
सदियों से श्रद्धालु यहां दर्शन के लिए पहुंचते हैं और इस पवित्र तीर्थ के धार्मिक महत्व को नमन करते हैं। आइए जानते हैं कि आखिर सृष्टि के रचयिता ब्रह्मा जी की सिर्फ इसी मंदिर में क्यों होती है और इस मंदिर का इतिहास क्या है?
पुष्कर में मौजूद है ब्रह्मा जी का विशेष मंदिर
हिंदू धर्म में अनगिनत देवी-देवता हैं और उन्हें समर्पित कई मंदिर भी हैं। मुख्य रूप से मंदिरों में त्रिदेव की पूजा को अहमियत दी जाती है।
इनमें से ब्रह्मा जी को 'सृष्टिकर्ता', भगवान शिव को 'संहारकर्ता' और भगवान विष्णु को 'पालनकर्ता' माना जाता है। ब्रह्मांड के रचयिता और सबसे शक्तिशाली देवता होने के बावजूद, उन्हें समर्पित बहुत कम मंदिर हैं और उनमें से राजस्थान के पुष्कर के ब्रह्मा मंदिर को महत्वपूर्ण स्थान प्राप्त है। इस मंदिर की अपनी अलग कहानी है और इसके बारे में कई ऐसी बातें हैं जिससे आज भी लोग अनजान हैं।
ब्रह्मा जी को मिले श्राप से जुड़ी है मंदिर की कहानी
पौराणिक कथाओं के अनुसार, सृष्टि के रचयिता ब्रह्मा जी को एक श्राप मिला था। एक बार वज्रनाभ नाम के राक्षस ने लोगों के बीच आतंक मचा दिया था। उस समय ब्रह्मा जी ने अपने अस्त्र कमल से उस राक्षस का वध कर दिया। ऐसा माना जाता है कि कमल की पंखुड़ियां धरती पर गिरीं, जिससे पुष्कर की पवित्र झील का निर्माण हुआ। इसके बाद, राक्षसों से धरती को पूरी तरह मुक्त करने के लिए, ब्रह्मा जी ने इसी झील के किनारे यज्ञ का आयोजन किया।
इस पवित्र अनुष्ठान की सफलता के लिए उनकी पत्नी का साथ होना अनिवार्य था, लेकिन उनकी पत्नी सावित्री नहीं मिलीं। उस समय ब्रह्मा जी ने यज्ञ के लिए एक अन्य कन्या को अपनी पत्नी के रूप में चुना। इससे उनकी पत्नी सावित्री क्रोधित हो गईं और उन्होंने ब्रह्मा जी को श्राप दिया कि कोई भी कभी उनकी पूजा नहीं करेगा।
उसके बाद जब सावित्री का क्रोध शांत हुआ, तो उन्होंने कहा कि ब्रह्मा जी की पूजा केवल एक ही स्थान पर होगी और वह स्थान था जहां यज्ञ का आयोजन हुआ था। इसी वजह से इसी स्थान पर पुष्कर का ब्रह्मा मंदिर बनाया गया। हालांकि, आगे चलकर जब ब्रह्मा जी ने अपनी भूल का पश्चाताप किया और क्षमा मांगी, तो उनके नाम पर कई अन्य मंदिर भी बनाए गए, लेकिन आज भी पुष्कर के ब्रह्मा मंदिर को ही दुनिया का एकमात्र ब्रह्मा मंदिर माना जाता था।
पुष्कर मंदिर जाने का सबसे अच्छा समय
पुष्कर के ब्रह्मा मंदिर में साल भर कभी भी जाया जा सकता है, लेकिन अक्टूबर से मार्च के बीच का समय सबसे अच्छा माना जाता है। इस दौरान कुछ दर्शनीय स्थलों की सैर और आध्यात्मिक अनुष्ठानों के लिए इस दौरान यात्रा करना अच्छा माना जाता है। इस मंदिर के दर्शन के लिए कार्तिक का महीना सबसे अच्छा माना जाता है, क्योंकि इसी दौरान यहां पुष्कर मेले का आयोजन भी होता है।
इस साल यह मेला 17 नवंबर की आरंभ हुआ था और इसका समापन 24 नवंबर, कार्तिक पूर्णिमा को होगा। पुष्कर मेले में सबसे खास होता है ऊंट मेला जिसमें कई स्थानों से पर्यटक आते हैं और मंदिर दर्शन के साथ इस मेले का आनंद भी लेते हैं।
वास्तव में ब्रह्मा जी का यह मंदिर अपने आप में खास है और दुनिया का इकलौता मंदिर माना जाता है, जहां ब्रह्मा जी की पूजा की जाती है।
Source- incredibleindia.gov.in
यह भी पढ़ें- सृष्टि के रचयिता 'ब्रह्मा जी' की वह एक भूल, जिसके कारण रह गए केवल 4 मुख
अस्वीकरण: इस लेख में बताए गए उपाय/लाभ/सलाह और कथन केवल सामान्य सूचना के लिए हैं। दैनिक जागरण यहां इस लेख फीचर में लिखी गई बातों का समर्थन नहीं करता है। इस लेख में निहित जानकारी विभिन्न माध्यमों/ज्योतिषियों/पंचांग/प्रवचनों/मान्यताओं/धर्मग्रंथों/दंतकथाओं से संग्रहित की गई हैं। पाठकों से अनुरोध है कि लेख को अंतिम सत्य अथवा दावा न मानें एवं अपने विवेक का उपयोग करें। दैनिक जागरण अंधविश्वास के खिलाफ है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।