गंगा दशहरा: श्रद्वालुओं ने हरिद्वार में लगाई डुबकी
गंगा दशहरा के पावन अवसर पर गंगा की गोद में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा।
हरिद्वार। गंगा दशहरा के पावन अवसर पर गंगा की गोद में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। गुरुवार को भोर से ही गंगा के पावन तट पर वेद-ऋचाएं गुंजायमान थीं। प्रशासन के मुताबिक इस पुनीत अवसर पर 16 लाख से अधिक भक्तों ने हरकी पैड़ी सहित हरिद्वार के विभिन्न गंगा घाटों पर डुबकी लगाई।
गंगा दहशरा पर हरिद्वार के हृदय स्थल हरकी पैड़ी सहित पूरे हरिद्वार में गंगा घाटों पर अलौलिक नजारा दिखा। जहां गंगा तट वेद-ऋचाओं से गूंज रहे थे, वहीं दूसरी ओर गंगा में स्नान और पूजन का क्रम भी अल सुबह से देर रात तक चलता रहा। गंगा दशहरा पर हरकी पैड़ी में पुण्य की डुबकी लगाने के लिए मंगलवार से ही बड़ी संख्या में श्रृद्धालुओं का हरिद्वार आना शुरू हो गया था। इनकी संख्या बुधवार रात तक लाखों में पहुंच गई थी।
हरकी पैड़ी पर सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ लगनी शुरू हो गई थी। सुबह सात बजे तो स्थिति यह हो गई थी कि यहां पर पैर रखने तक कि जगह नहीं मिल रही थी। जितने स्नानार्थी स्नान को हरकी पैड़ी की ओर जा रहे थे, उतने ही स्नान कर वापस लौट रहे थे। सुबह 11 बजे तक करीब 6 लाख से अधिक श्रद्धालुओं के गंगा स्नान कर वापसी की रिपोर्ट हुई थी। कई जगहों पर लोगों ने गंगा घाटों पर पूरे विधि-विधान से हवन-पूजन भी किया। शाम तीन बजे तक स्नान करने वाले श्रद्धालुओं की संख्या आठ लाख के आसपास पहुंच चुकी थी। पुलिस प्रशासन ने देर रात तक 16 लाख से अधिक श्रद्धालुओं के गंगा स्नान करने का दावा किया है।
श्री गंगा सभा ने सुबह 8 बजे हरकी पैड़ी पर रुद्राभिषेक और दोपहर 12 बजे दुग्धाभिषेक कर गंगा पूजन किया। इस अवसर पर 56 प्रकार के भोग भी लगाए गए। इसके अलावा अन्य धार्मिक संगठनों ने भी हरकी पैड़ी और अन्य स्नान घाटों पर विधि-विधान से हवन और गंगा पूजन कर गंगा मैया का आशीर्वाद लिया। गंगा दशहरा स्नान पर्व पर दिल्ली, गुजरात, राजस्थान, मध्यप्रदेश, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, बिहार और पंजाब सहित कई प्रदेशों के श्रद्धालु बड़ी संख्या में यहां आए।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर