यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Dec 03, 2013 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
जीवन सरल और जटिल भी
प्रकृति ने कहीं भी असंतुलन नहीं छोड़ा है। जिसे जितना सरल बनाया है, उसे उतना ही जटिल भी। जीवन का ...और पढ़ें

जीवन अत्यंत सरल है, साथ ही बहुत जटिल भी। दोनों पहलुओं को तुम्हें साथ-साथ संभालना है। जब जीवन बहुत जटिल लगे, सरलता की ओर मुड जाओ, सरलता शांति लाती है। जब मन में शांति हो, उस समय जटिलताओं पर ध्यान दो- यह तुम्हें अधिक कुशल बनाता है।
केवल सरलता में रहने से तुम आलसी और निष्क्रिय होते हो। केवल जटिलताओं में उलझे रहने से तुम क्रोधित और हताश होते हो। ज्ञानी दोनों में कुशल-संतुलन रखते हैं और दोनों का ही आनंद लेते हैं।
यदि तुम सिर्फ सरलता को देखते हो, तुम्हारा विकास नहीं होता। केवल जटिलताओं को देखना कोई जीवन ही नहीं है। यदि तुम जीवन की सरलता और जटिलता दोनों को पहचान लेते हो, तब तुम कुशलतापूर्वक सुखी हो जाते हो।
जटिलताएं जीवन के रंग हैं,
उज्ज्वलता है सरलता,
जब तुम्हारा हृदय पवित्र रहता है
जीवन बन जाता है कितना रंगीन।
संसार तुम्हारा है
सुख या पीडा इस चार से छह फुट के शरीर में होने वाली एक तीव्र अनुभूति है। जब हम इन अनुभूतियों में उलझे नहीं रहते, तभी हम सच्चाई और ईमानदारी से कह सकते हैं- मैं तुम्हारा हूं। सभी राग-द्वेष, कामनाएं और शंकाएं दूर हो जाती हैं- एक पल में समस्त संसार तुम्हारा हो जाता है।
तुम्हारे सभी दुख मैं, मैं, मैं को लेकर होते हैं। मुझे यह चाहिए, मुझे यह पसंद है, मुझे यह पसंद नहीं..
बस, सब छोड दो। सूर्य उदय होता है और अस्त होता है, घास उगती है, नदी बहती है, चन्द्रमा चमकता है और मैं सदैव यहां हूं!
जब कोई तुम्हारी प्रशंसा करता है, तुम्हें कैसा लगता है?
प्रश्न : लज्जा, खुशी, महानता, झेंप..।
श्री श्री : तुम्हें कुछ महसूस होता है, है न? पर मुझे तो कुछ नहीं होता। जब तुम चंद्रमा, पर्वत, झील, वन की प्रशंसा करते हो, तो उन पर कोई असर नहीं पडता। वे वैसे ही बने रहते हैं। उसी प्रकार मैं भी प्रकृति का अंश हूं। यदि तुम्हें मेरी प्रशंसा करने से खुशी मिलती है, तो तुम ऐसा कर सकते हो। वैसे भी तुम्हारे पास दूसरा कोई उपाय नहीं। (हंसी)।
मेरे साथ तुम जो चाहे कर सकते हो, जो तुम्हें प्रसन्नता दे। मैं तुम्हारे लिए ही हूं, मैं तुम्हारा खिलौना हूं!
निकलने का मार्ग
यदि तुम दुखी हो, देखो इनमें से किसका अभाव है : तप
वैराग्य
शरणागति
तप है वर्तमान क्षण की पूर्ण स्वीकृति, चाहे परिस्थिति सुखद हो या दुखद।
वैराग्य का अर्थ है मुझे कुछ नहीं चाहिए और मैं कुछ नहीं हूं।
शरणागति का अर्थ है मैं यहां आपके लिए हूं, आपके आनंद के लिए।
यदि तुम असंतुष्ट हो तब इन तीनों की कमी है। जब तुम परिस्थिति को तप मानकर स्वीकार कर लेते हो, तब तुम असंतुष्ट नहीं रह जाते। वैराग्य की अवस्था (मुझे कुछ नहीं चाहिए) में तुम शिकायत नहीं करते। और जब तुम शरणागत हो तब भी तुम्हें कोई शिकायत नहीं रहेगी।
यदि तुम ऐसा अपनी इच्छा से नहीं करते हो तो बाद में हताश होकर करोगे। पहले तुम कहोगे, कुछ भी नहीं किया जा सकता, क्रोध और निराशा से आखिरकार तुम कहोगे, मैं हार गया, मुझे कुछ नहीं चाहिए, मेरे पास दूसरा कोई उपाय नहीं, भाड में जाए..!
तप
वैराग्य
शरणागति
- ये तीनों तुम्हारे मन को पवित्र करते हैं और तुम्हें आनंदित कर देते हैं।
अपनी खुशियां बांटो
दुख को बांटने पर दुख घटता नहीं है। खुशी को नहीं बांटने से वह अवश्य घट जाती है।
अपनी समस्याओं को केवल ईश्वर के साथ बांटो- हर किसी के साथ नहीं- उससे समस्याएं बढती हैं।
अपनी खुशी को सबके साथ बांटो। प्रश्न: जब लोग अपने दुखडे रोते हैं, उनकी मदद कैसे करें?
श्री श्री: मेरे पास हजारों तरीके हैं। प्राय: ऐसा होता है कि जब वे अपनी समस्या मुझे बताते हैं, उनकी समस्या का समाधान उसी समय हो जाता है। कभी-कभी कुछ धीरज की आवश्यकता होती है। बस, यह जानो कि सब कुछ ठीक हो जाएगा।
प्रश्न : जो हमारे साथ अपना दु:ख बांटते हैं, हम उनकी मदद कैसे करें?
श्री श्री : उनकी सुनो.. पर ध्यान मत दो। क्योंकि यदि तुम्हारा भी मन उन घटनाओं में उलझ जाएगा, तो वे तो दुखी हैं ही, साथ ही तुम भी दुखी हो जाओगे। उनका खयाल रखो, उनसे ज्ञान की बातें करो।
ज्ञान का अपच
ज्ञान का अपच सूक्ष्म अहंकार को बढाता है, जिसका कोई इलाज नहीं है। अहंकार ऐसी आदतों को जन्म देता है जो जीवन के विकास के लिए सहायक नहीं। ज्ञान को अच्छी तरह मनन करके, पचाकर, आत्मसात कर लेना आवश्यक है।
ज्ञान के अपच के परिणाम:
उत्साह में कमी, मान्यता न देना, सजगता की कमी गहराई व समझ के बिना सतही मित्रता उपदेश देने की प्रवृत्ति हृदय में जलन अपने तुच्छ स्वार्थ के लिए ज्ञान का प्रयोग हठ।
सूक्ष्म अहंकार
किसी बुरी आदत को छोडने की असमर्थता तुम्हें तकलीफ देती है। जब तुम बहुत पीडित होते हो, वह व्यथा तुम्हें उस आदत से छुटकारा दिलाती है। जब तुम अपनी कमियों से व्यथा महसूस करते हो, तब तुम साधक हो। पीडा तुम्हें आसक्ति से दूर करती है।
जब तुम ईश्वर से प्रेम करते हो तब तुम ज्ञान को पचा सकते हो, ग्रहण कर सकते हो। प्रेम भूख बढाती है, सेवा व्यायाम है, प्रेम और सेवा के बिना ज्ञान अपाच्य हो जाता है।
आपने इस संसार में जिन सेवाओं को प्रेम से किया है, उसकी एक सूची बनाएं।
प्रश्न : प्रेम यदि भूख बढाता है तो मुख्य भोजन क्या है?
श्री श्री : ज्ञान।
सत्संग आश्रय है
लोगों को घरों की आवश्यकता क्यों है? क्या वे बिना किसी आश्रय के, पशुओं की तरह, जंगलों में नहीं रह सकते हैं? नहीं। ध्यान दें तो आप पाएंगे कि बुद्धिमान जानवर भी अपने घर बनाते हैं।
मनुष्य को प्रकृति के बदलते हुए वातावरण से सुरक्षा चाहिए। इसलिए वह अपने शारीरिक सुख के लिए एक आश्रय बनाता है। उसी प्रकार आध्यात्मिक और मानसिक सुख के लिए सत्संग एक आश्रय है।
सत्संग आपको ऐसी बहुत प्रवृत्तियों से सुरक्षा देता है, जो जाने-अनजाने व्यक्तित्व को नुकसान पहुंचा सकती हैं। सत्संग ही मनुष्य को सभ्य बनाता है। जीवन के कठोर और परिवर्तनशील प्रभावों से बचने का एकमात्र आश्रय है सत्संग। सत्संग वह घोंसला है जहां तुम्हें आसरा मिलता है। यदि तुम खुशियां बटोरने में लगे हो, तुम्हें दुख मिलेगा। यदि तुम खुशियां बांटने में लगे हो, तुम्हें प्रेम और आनंद मिलेगा।
ऐसा क्यों?
क्या तुमने सेवा की है??? तुम्हारा प्याला तुम्हारे लिए अब बहुत छोटा हो गया है। तुम्हें कुछ और चाहिए भी है, और तुम्हारे लिए वह आवश्यक भी है। साधना और सत्संग से प्याला भर जाता है किंतु सेवा तुम्हें एक नया और बडा प्याला दिलाती है। कुछ ही घंटों की सेवा तुम्हारी चेतना को समाधि में ले जाती है।
सेवा करो। अपने प्याले को बढाओ। साधना और सत्संग से इसे भरो। फिर पीयो और मस्त हो जाओ। क्यों, ठीक है न?
सेवा का आशीर्वाद
सेवा करते समय यह कभी मत सोचो कि तुम किसी पर एहसान कर रहे हो। तुम्हारी सेवा का फल तुम्हें तुरंत मिल ही गया है। तुम्हारा पुरस्कार निश्चित है। तुमने जितना किया है उसकी तुलना में कहीं अधिक ही है।
पुरस्कार की आशा सेवा को श्रम में बदल देती है। यदि तुम सोचते हो कि तुम बहुत सेवा कर चुके, वास्तव में तुम बहुत कम सेवा करोगे। जब तुम यह सोचते हो कि तुमने बहुत कम सेवा की है तब तुम और अधिक कर सकोगे।
सेवा का अर्थ है कि चाहे तुम्हें तुरंत कोई फल न भी नजर आए, फिर भी कोई शिकायत नहीं रहती, श्रम में तुरंत पुरस्कार मिलने पर भी शिकायतें रहती हैं।
सेवा के किसी भी अवसर के लिए कृतज्ञ हो जाओ।
बात एक बार की
शिखर पर ज्ञानी
ऊंची पहाडी के एकदम शिखर पर, वो जो झोपडी बनी है, वो एक पहुंचे हुए ऋषि ने बनाई है। अब वो यहीं रहने आ गए हैं। बहुत ज्ञानी हैं और उनके पास हमारी सभी समस्याओं का सटीक समाधान है..
एक-दूसरे के जरिये यह बात सारे गांवों में फैल गई। हालांकि, साथ ही एक बदनामी भी। वह यह कि एक तो वहां तक पहुंचना बहुत मुश्किल और ऊपर से पहुंचने पर साधु का मिलना तो और भी कठिन। फिर भी एक जिज्ञासु किसान पहुंच ही गया शिखर तक। वहां पहुंचने पर नौकर जैसे दिखने वाले एक बुजुर्ग ने उसका स्वागत किया। क्या मैं झोपडी के अंदर जा सकता हूं? किसान ने पूछा, असल में मैं महात्मा जी से मिलना चाहता हूं। बुजुर्ग ने सहज ही उसे अंदर जाने की अनुमति दे दी। किसान गया और जल्दी ही छोटी सी झोपडी का हर कोना झांक कर लौट आया। लेकिन अंदर तो वो कहीं हैं नहीं, लौटकर उसने अपनी मुश्किल जाहिर की, मैं उनसे कैसे मिल सकूंगा?
आप तो उनसे पहले ही मिल चुके हैं, अब बुजुर्ग ने बताया, आप अपनी पूरी जिंदगी में जिनसे भी मिलते हैं, चाहे वे कितने भी मामूली और सादे क्यों न दिखते हों.. प्रत्येक के भीतर एक ज्ञानी ऋषि छुपा हुआ है। जरूरत बस इस बात की है कि आप उसके दर्शन की कोशिश करें। फिर जो समस्याएं लेकर आप इतनी दूर आए हैं, उन सबका समाधान आपके आसपास ही हो जाएगा। कहीं और जाने की जरूरत ही नहीं होगी।
श्रीश्री रविशंकर