उदयपुर में बनी दुनिया की सबसे छोटी दीवाली थाली, एक सेंटीमीटर से छोटी; जाने अन्य खासियत
उदयपुर के स्वर्ण शिल्पी डॉ. इकबाल सक्का ने एक सेंटीमीटर की दुनिया की सबसे छोटी चांदी की दीपावली पूजा थाली ...और पढ़ें

दीवाली थाली बनाते कलाकार की तस्वीर।
HighLights
डॉ. इकबाल सक्का ने बनाई सबसे छोटी दीपावली थाली।
एक सेंटीमीटर की थाली में सूक्ष्म पूजन सामग्री शामिल।
कलाकृतियों के संरक्षण के लिए सरकार से मांगा सहयोग।
जागरण संवाददाता, उदयपुर। सूक्ष्म कलाकारी में अंतरराष्ट्रीय पहचान बना चुके उदयपुर के स्वर्ण शिल्पी प्रोफेसर डॉ. इकबाल सक्का ने दीपावली पर एक और अनूठी कलाकृति तैयार की है। उन्होंने महज एक सेंटीमीटर की चांदी की पान आकार की पूजा थाली बनाई है, जिसमें दीपावली पूजन की पूरी सामग्री को बेहद सूक्ष्म रूप में समेटा है।
इस थाली में बत्ती लगा एक मिलीमीटर का सोने का दीपक भी शामिल है। सक्का का दावा है कि यह दुनिया की सबसे छोटी दीपावली पूजा थाली है। इसे तैयार करने में उन्हें तीन दिन लगे।
लेंस से दिखाई देती हैं बारीकियां
थाली में सोने के चावल, कुमकुम की डिब्बी, पानी का कटोरा, छोटा नारियल, छेद वाला सोने-चांदी का सिक्का, एक मिलीमीटर का कलावा और चांदी की दो पगल्या बनाई गई हैं। इन कलाकृतियों का आकार इतना छोटा है कि सामान्य आंखों से इनकी बारीकियां देख पाना मुश्किल है। इन्हें देखने के लिए लेंस की जरूरत पड़ती है। पूरी कलाकृति बनाने में आधा ग्राम सोने और आधा ग्राम चांदी का उपयोग किया गया है।
211 विश्व रिकॉर्ड होने का दावा
डॉ. सक्का इससे पहले भी सोने की सबसे छोटी चेन और चाय की केतली सहित कई सूक्ष्म कलाकृतियां बना चुके हैं। उनके अनुसार, उनकी अनेक कलाकृतियां गिनीज बुक सहित विभिन्न रिकॉर्ड में दर्ज हैं और अब तक वे 211 विश्व रिकॉर्ड अपने नाम कर चुके हैं। दीपावली पर बनाई गई इस पूजा थाली को भी वे अपनी नई रिकॉर्ड उपलब्धि बता रहे हैं।
कलाकृतियों के संरक्षण के लिए मांगा सहयोग
सक्का का कहना है कि उनके पास उपलब्धियों के प्रमाण और दुर्लभ कलाकृतियां सुरक्षित रखने के लिए पर्याप्त जगह नहीं है। वे सरकार से इनके संरक्षण के लिए उचित स्थान और सहयोग की उम्मीद कर रहे हैं। उनका उद्देश्य भारतीय कला और संस्कृति को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाना है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।