उदयपुर पुलिस की बड़ी सफलता, एक ही रात में 5 मंदिरों और 3 मकानों में चोरी करने वाली गैंग का सरगना गिरफ्तार
उदयपुर पुलिस ने मंदिरों और मकानों में चोरी करने वाले गिरोह के फरार सरगना दुर्गेश उर्फ दुर्गा लाल को ओगणा के जंगलों से गिरफ्तार किया है।

चोरी गैंग का सरगना गिरफ्तार। (फोटो- सोशल मीडिया)
HighLights
चोरी गैंग का फरार सरगना दुर्गेश उर्फ दुर्गा लाल गिरफ्तार।
एक रात में पांच मंदिर, तीन मकानों में चोरी की थी।
पुलिस ने ओगणा के घने जंगलों से आरोपी को दबोचा।
जागरण संवाददाता, उदयपुर। उदयपुर की सुखेर थाना पुलिस ने मंदिरों और मकानों में चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाली गैंग के फरार सरगना को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने 5 हजार रुपए के इनामी आरोपी दुर्गेश उर्फ दुर्गा लाल को ओगणा क्षेत्र के घने जंगलों से दबोचा।
आरोपी ने अपने साथियों के साथ एक ही रात में डांगियों का गुड़ा गांव में पांच मंदिरों और तीन बंद मकानों के ताले तोड़कर चोरी की थी। गैंग के तीन अन्य सदस्यों को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चोरी की मूर्तियां और पूजा सामग्री बरामद कर चुकी है।
एक रात में आठ जगहों पर की थी चोरी
पुलिस के अनुसार 26 सितंबर 2026 की मध्यरात्रि को बदमाशों ने सुखेर थाना क्षेत्र के डांगियों का गुड़ा गांव में पांच मंदिरों और तीन बंद मकानों को निशाना बनाया था। मंदिरों से चांदी की मूर्तियां, चांदी के छत्र और दानपेटियां तोड़कर नकदी चोरी की गई थी। इस संबंध में बंशीलाल डांगी की रिपोर्ट पर सुखेर थाने में मामला दर्ज किया गया था।
घटना की गंभीरता को देखते हुए जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई। टीम ने कार्रवाई करते हुए गैंग के तीन सदस्य मेघाराम, कमलेश और भैराराम को गिरफ्तार कर चोरी की मूर्तियां और पूजा सामग्री बरामद कर ली थी। हालांकि मुख्य आरोपी दुर्गेश फरार था।
मोबाइल नेटवर्क विहीन जंगलों में छिपा था आरोपी
मुख्य आरोपी दुर्गेश उर्फ दुर्गा लाल की गिरफ्तारी पर पुलिस अधीक्षक ने 5 हजार रुपए का इनाम घोषित किया था। आरोपी ओगणा थाना क्षेत्र के शीतला घाटी पड़ावली गांव का निवासी है। उसके गांव में मोबाइल टावर नहीं होने तथा आसपास घने जंगल और दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र होने के कारण पुलिस को उसकी तलाश में परेशानी आ रही थी।
पुलिस ने मुखबिर तंत्र सक्रिय किया। कांस्टेबल अचलाराम की विशेष भूमिका और सटीक सूचना के आधार पर 15 नवंबर को ओगणा के जंगलों में दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ ओगणा थाने में आर्म्स एक्ट तथा राजसमंद जिले के नाथद्वारा थाने में नकबजनी और चोरी के मामले दर्ज हैं। दोनों मामलों में पूर्व में चालान पेश हो चुका है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।