विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

उदयपुर के धामदर गांव में पैंथर की दहशत, दो दिन पहले मासूम को बनाया था शिकार

Published: Sun, 29 Nov 2026 09:09 PM (IST)

उदयपुर के धामदर गांव में पैंथर के हमले से दो वर्षीय बच्ची की मौत के दो दिन बाद भी ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। वन विभाग ने निगरानी के लिए पिंजरे और कैमरा ट्रैप लगाए हैं।

उदयपुर के धामदर गांव में पैंथर का आतंक

उदयपुर के धामदर गांव में पैंथर का आतंक

HighLights

  1. धामदर गांव में पैंथर के हमले से बच्ची की मौत।

  2. ग्रामीणों में दहशत, शाम ढलते ही घरों में रहने को मजबूर।

  3. वन विभाग ने निगरानी के लिए पिंजरे और कैमरा ट्रैप लगाए।

जागरण संवाददाता, उदयपुर। उदयपुर शहर से करीब 25 किलोमीटर दूर धामदर गांव में पैंथर के हमले में दो वर्षीय बालिका की मौत के बाद ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। घटना को दो दिन बीत जाने के बावजूद क्षेत्र में पैंथर की आवाजाही को लेकर लोगों की चिंता बनी हुई है।

ग्रामीणों के अनुसार आसपास के पहाड़ी और जंगल क्षेत्र में करीब 11 पैंथरों की मौजूदगी है। ऐसे में लोगों को बच्चों की सुरक्षा की चिंता सता रही है। शाम ढलते ही ग्रामीण घरों में रहने को मजबूर हैं और अकेले बाहर निकलने से कतरा रहे हैं।

घर के आंगन से मासूम को उठा ले गया था पैंथर

गौरतलब है कि गुरुवार शाम धामदर गांव में सुरेश मीणा की दो वर्षीय बेटी नगीना उर्फ नीलम घर के आंगन में खेल रही थी। इसी दौरान पहाड़ी की ओर से आए पैंथर ने उस पर हमला कर दिया और जबड़े में दबोचकर ले जाने लगा। बच्ची की चीख सुनकर परिजन और ग्रामीण दौड़े तो पैंथर उसे छोड़कर जंगल की ओर भाग गया। परिजन गंभीर हालत में बच्ची को अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया।

पहाड़ी और खदान क्षेत्र में पैंथरों की आवाजाही

धामदर और आसपास का इलाका पहाड़ियों, जंगलों तथा झामरकोटड़ा की खदानों से घिरा हुआ है। यहां पैंथरों की आवाजाही पहले से बनी हुई है। ग्रामीणों का कहना है कि कई बार पैंथर आबादी के नजदीक दिखाई देते हैं। अब मासूम की मौत के बाद लोगों में भय और बढ़ गया है। ग्रामीण वन विभाग से क्षेत्र में सक्रिय पैंथरों की निगरानी और उन्हें आबादी से दूर रखने के प्रभावी इंतजाम करने की मांग कर रहे हैं।

वन विभाग ने लगाए दो पिंजरे और पांच कैमरा ट्रैप

घटना के बाद वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर पैंथर की गतिविधियों पर निगरानी शुरू की है। घटनास्थल के आसपास दो पिंजरे और पांच कैमरा ट्रैप लगाए गए हैं। ड्रोन के माध्यम से भी क्षेत्र में निगरानी की जानकारी सामने आई है। वन विभाग की टीम संभावित ठिकानों पर नजर रख रही है। ग्रामीणों को सतर्क रहने और रात के समय अकेले बाहर नहीं निकलने की सलाह दी गई है।

सवाल बच्चों की सुरक्षा का

ग्रामीणों का कहना है कि जंगल और पहाड़ी क्षेत्र से सटे घरों में रहने वाले परिवारों के लिए बच्चों की सुरक्षा बड़ी चुनौती बन गई है। पैंथर की आवाजाही के बीच खेतों और मजदूरी पर जाने वाले लोगों को भी खतरा बना रहता है। ग्रामीणों की मांग है कि वन विभाग केवल घटना के बाद निगरानी तक सीमित न रहे, बल्कि आबादी क्षेत्र में आने वाले पैंथरों को पकड़ने और लोगों की सुरक्षा के लिए स्थायी व्यवस्था करे।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।