उदयपुर में इंडियन फॉस्फेट लिमिटेड पर आयकर विभाग का छापा वित्तीय जांच शुरू
आयकर विभाग ने उदयपुर में इंडियन फॉस्फेट लिमिटेड के ठिकानों पर छापेमारी की, जिसमें वित्तीय दस्तावेजों और कारोबारी रिकॉर्ड की जांच की गई। उर्वरक और केमिकल कारोबार से जुड़ी इस कंपनी के लेन-देन व निवेश की पड़ताल जारी है।
-1795107929766_m.webp)
उदयपुर में इंडियन फॉस्फेट लिमिटेड पर आयकर विभाग का छापा (फोटो- जागरण)
HighLights
आयकर विभाग ने इंडियन फॉस्फेट लिमिटेड के ठिकानों पर छापेमारी की।
कंपनी के वित्तीय दस्तावेजों और कारोबारी रिकॉर्ड की जांच जारी।
उर्वरक और केमिकल कारोबार से जुड़ी है यह कंपनी।
जागरण संवाददाता, उदयपुर। उदयपुर शहर के औद्योगिक और कारोबारी जगत में गुरुवार को उस समय हलचल मच गई, जब आयकर विभाग की टीम ने इंडियन फॉस्फेट लिमिटेड से जुड़े ठिकानों पर छापेमारी की कार्रवाई शुरू की। विभाग की टीम सेक्टर-11 स्थित कंपनी के कार्यालय पहुंची और वित्तीय दस्तावेजों, खातों तथा कारोबार से जुड़े रिकॉर्ड की जांच शुरू की।
कार्रवाई के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस के जवान भी तैनात रहे। सूत्रों के अनुसार, आयकर विभाग की टीमें कंपनी के वित्तीय लेन-देन, आय-व्यय के ब्योरे, निवेश और संपत्तियों से संबंधित दस्तावेजों की पड़ताल कर रही हैं।
कंपनी के विभिन्न कारोबारी सौदों और निवेश से जुड़े रिकॉर्ड भी जांच के दायरे में बताए जा रहे हैं। जांच का उद्देश्य दस्तावेजों में दर्ज वित्तीय जानकारियों और वास्तविक कारोबारी गतिविधियों के बीच सामंजस्य की पड़ताल करना बताया जा रहा है।
उर्वरक और केमिकल कारोबार से जुड़ी है कंपनी
इंडियन फॉस्फेट लिमिटेड उर्वरक एवं केमिकल क्षेत्र की कंपनी है। कंपनी की सार्वजनिक जानकारी के अनुसार इसका प्रमुख कारोबार सिंगल सुपर फॉस्फेट (एसएसपी) उर्वरक और एलएबीएसए-90 केमिकल के निर्माण से जुड़ा है। कंपनी का मुख्यालय उदयपुर के सेक्टर-11 में है, जबकि इसकी विनिर्माण इकाई उमरड़ा में स्थित है। कंपनी समूह की कारोबारी गतिविधियां अन्य क्षेत्रों तक भी फैली हुई हैं।
एक हजार करोड़ से अधिक का कारोबार
कंपनी के वित्तीय प्रदर्शन की बात करें तो नवंबर 2026 की क्रिसिल रेटिंग रिपोर्ट के अनुसार वित्त वर्ष 2025-26 में समूह की समेकित परिचालन आय 1,072.3 करोड़ रुपये और कर पश्चात लाभ 23.5 करोड़ रुपये दर्ज किया गया।
कार्रवाई के नतीजों पर नजर
फिलहाल आयकर विभाग की ओर से कार्रवाई को लेकर विस्तृत आधिकारिक जानकारी जारी नहीं की गई है। अघोषित आय, नकदी या संपत्ति की बरामदगी को लेकर भी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। ऐसे में जांच पूरी होने और विभाग की ओर से स्थिति स्पष्ट किए जाने के बाद ही कार्रवाई के वास्तविक नतीजों का पता चल सकेगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।