विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

राजस्थान: ट्रेलर की टक्कर के बाद दमकल की गाड़ी में लगी भीषण आग, 2 फायरमैन जिंदा जले

Published: Mon, 02 Nov 2026 08:07 AM (IST)

उदयपुर-अहमदाबाद नेशनल हाईवे-48 पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में ट्रेलर की टक्कर से दमकल में आग लग गई, जिससे दो फायरमैन जिंदा जल गए।

उदयपुर-अहमदाबाद हाईवे पर भीषण हादसा।

उदयपुर-अहमदाबाद हाईवे पर भीषण हादसा।

HighLights

  1. उदयपुर-अहमदाबाद हाईवे पर ट्रेलर-दमकल की टक्कर।

  2. दमकल में आग लगने से दो फायरमैन की मौत।

  3. राजस्थान में तेज रफ्तार सड़क हादसों की मुख्य वजह।

जागरण संवाददाता, उदयपुर। उदयपुर-अहमदाबाद नेशनल हाईवे-48 पर रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो फायरमैन की जिंदा जलने से मौत हो गई।

ऋषभदेव थाना क्षेत्र के माकडजपा गांव के पास एक अनियंत्रित ट्रेलर सामने से आ रही दमकल गाड़ी से जा भिड़ा। टक्कर इतनी भीषण थी कि दमकल का केबिन बुरी तरह पिचक गया और उसमें टक्कर के कुछ ही सेकंड बाद आग लग गई। केबिन में फंसे दो फायरमैन बाहर नहीं निकल सके और आग की चपेट में आकर उनकी मौत हो गई।

हादसे में दमकल का ड्राइवर और ट्रेलर चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को उपचार के लिए उदयपुर के एमबी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है।

हादसे के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई। करीब एक घंटे तक एक किलोमीटर लंबा जाम लगा रहा। इसके बाद भी काफी देर तक यातायात प्रभावित रहा।

पहले आगे चल रहे ट्रेलर से भिड़ा, फिर दूसरी लेन में घुसा

ऋषभदेव थानाधिकारी हेमंत अहारी के अनुसार हादसा रविवार सुबह करीब 11 बजे हुआ। अग्नि रक्षक नाम की निजी कंपनी की दमकल गाड़ी पश्चिम बंगाल नंबर की थी और गुजरात से उदयपुर की ओर जा रही थी।

इसी दौरान उदयपुर से अहमदाबाद की तरफ जा रहा एक ट्रेलर पहले अपने आगे चल रहे ट्रेलर से टकराया। इसके बाद अनियंत्रित होकर हाईवे की दूसरी लेन में जा घुसा और सामने से आ रही दमकल गाड़ी को टक्कर मार दी।

केबिन पिचका, आग में घिरे फायरमैन; बचाने का नहीं मिला मौका

टक्कर के कारण दमकल गाड़ी का अगला केबिन बुरी तरह क्षतिग्रस्त होकर पिचक गया। इसी दौरान केबिन में आग लग गई। स्थानीय लोगों के अनुसार टक्कर के कुछ ही सेकंड में आग इतनी तेजी से फैली कि अंदर फंसे कर्मचारियों को बाहर निकलने का मौका नहीं मिला।

स्थानीय लोगों ने दमकल चालक को आग की लपटों के बीच से बाहर निकाला, लेकिन दो फायरमैन केबिन में ही फंसे रह गए। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।

इसके बाद दोनों के शव बाहर निकाले गए। आग इतनी भीषण थी कि शव बुरी तरह झुलस गए। फिलहाल मृतकों की पहचान नहीं हो सकी है। संबंधित कंपनी से संपर्क कर उनकी जानकारी जुटाई जा रही है।

ओवरस्पीडिंग बन रही जानलेवा, राजस्थान में 63 फीसदी हादसों की वजह तेज रफ्तार

राजस्थान में सड़क हादसों के पीछे तेज रफ्तार बड़ी वजह बनी हुई है। परिवहन और पुलिस विभाग के आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2025 में प्रदेश में कुल 23,820 सड़क दुर्घटनाएं दर्ज हुईं। इनमें से 15,647 हादसे ओवरस्पीडिंग के कारण हुए। इन दुर्घटनाओं में करीब 7,600 लोगों की जान गई।

सड़क दुर्घटनाएं घटी, मृतकों की संख्या बढ़ी

आंकड़ों के मुताबिक वर्ष 2024 की तुलना में 2025 में सड़क दुर्घटनाओं की संख्या में 1,018 की कमी आई, लेकिन मृतकों की संख्या 307 बढ़ गई।

कुल दुर्घटनाओं में करीब 63 प्रतिशत हादसों की वजह तेज रफ्तार रही। उदयपुर-अहमदाबाद हाईवे पर हुआ यह हादसा भी सड़क पर लापरवाही और अनियंत्रित गति के गंभीर परिणामों की ओर इशारा करता है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।