विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

40 विला-कॉटेज की खरीद की जांच उदयपुर तक पहुंची, एसीबी ने कलेक्टर से मांगी कन्वर्जन फाइलें

Published: Tue, 03 Nov 2026 03:40 PM (IST)

आईएएस शिखर अग्रवाल और उनकी आईपीएस पत्नी प्रशाखा माथुर से जुड़े 40 विला-कॉटेज खरीद मामले में एसीबी की जांच उदयपुर पर केंद्रित हो गई है।

40 विला-कॉटेज की खरीद की जांच उदयपुर तक पहुंची (फाइल फोटो)

40 विला-कॉटेज की खरीद की जांच उदयपुर तक पहुंची (फाइल फोटो)

HighLights

  1. एसीबी जांच उदयपुर में 40 विला-कॉटेज खरीद पर केंद्रित।

  2. कलेक्टर और उप पंजीयक से संपत्ति रिकॉर्ड मांगे गए।

  3. शिखर अग्रवाल और पत्नी प्रशाखा माथुर जांच के दायरे में।

जागरण संवाददाता, उदयपुर। आईएएस अधिकारी शिखर अग्रवाल और उनकी आईपीएस पत्नी प्रशाखा माथुर के परिवार से जुड़ी करीब 40 विला-कॉटेज की खरीद के मामले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की जांच उदयपुर पर केंद्रित हो गई है।

एसीबी ने सोमवार को उदयपुर जिला कलक्टर और उप पंजीयक कार्यालय को नोटिस जारी कर संबंधित संपत्तियों की कन्वर्जन फाइलें और रजिस्ट्री से जुड़े रिकॉर्ड मांगे हैं। जांच एजेंसी जमीन के उपयोग परिवर्तन की प्रक्रिया, जारी स्वीकृतियों और सरकारी स्तर पर हुई कार्रवाई की पड़ताल करेगी।

राज्य सरकार की अनुमति के बाद एसीबी ने 31 अक्टूबर को शिखर अग्रवाल के खिलाफ प्रारंभिक जांच दर्ज की थी। मामले में आरोप है कि अग्रवाल, उनकी पत्नी और परिवार के सदस्यों ने एक निजी कंपनी से उदयपुर और अलवर में करीब 40 विला-कॉटेज खरीदे।

आरोप यह भी है कि संपत्तियां बाजार मूल्य से कम कीमत पर खरीदी गईं और अधिकारी के पद का इस्तेमाल कर कंपनी को अनुचित लाभ पहुंचाया गया। इन आरोपों की जांच अभी जारी है।

एसीबी ने कार्मिक विभाग से अग्रवाल के संपत्ति विवरण और प्रॉपर्टी रिटर्न की जानकारी मांगी है। आयकर विभाग से आयकर रिटर्न भी तलब किए गए हैं। इन दस्तावेजों का संपत्तियों की खरीद, घोषित आय और निवेश से मिलान किया जाएगा।

लोक निर्माण विभाग से उदयपुर और अलवर में संबंधित विला-कॉटेज के निर्माण की जानकारी मांगी गई है। उद्योग विभाग से तत्कालीन बैठकों के कार्यवृत्त और अन्य गतिविधियों का रिकॉर्ड भी तलब किया गया है।

जिस कंपनी से संपत्तियां खरीदने का मामला सामने आया है, उसके प्रबंध निदेशक संजय गोयल को भी नोटिस जारी कर रिकॉर्ड मांगा गया है। वन विभाग और राजस्थान प्रदूषण नियंत्रण मंडल से भी जानकारी मांगी गई है।

एसीबी अग्रवाल से पूछताछ के लिए नोटिस जारी करने की तैयारी में है। उनकी पत्नी भी जांच के दायरे में हैं। दोनों की उपलब्धता के आधार पर पूछताछ की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।