विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

राजकोट में गोल्ड रिफाइनरी कर्मी की हत्या कर लूटा सोना-चांदी, उदयपुर से दो आरोपी गिरफ्तार

Published: Fri, 16 Oct 2026 10:55 PM (IST)

राजकोट में गोल्ड रिफाइनरी कर्मचारी की हत्या कर सोना-चांदी लूटने वाले दो आरोपियों को उदयपुर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। ...और पढ़ें

News Article Hero Image

HighLights

  1. राजकोट गोल्ड रिफाइनरी कर्मी की हत्या और लूट।

  2. उदयपुर पुलिस ने दो आरोपियों को किया गिरफ्तार।

  3. डेढ़ करोड़ से अधिक का सोना-चांदी बरामद।

जागरण संवाददाता, उदयपुर। गुजरात के राजकोट में गोल्ड रिफाइनरी कंपनी के कर्मचारी की हत्या कर सोना-चांदी लूटकर फरार हुए दो आरोपियों को उदयपुर की सुखेर थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। गुजरात पुलिस से मिले अलर्ट के बाद राजस्थान में की गई नाकेबंदी के दौरान गुरुवार तड़के दोनों आरोपियों को पकड़ा गया।

पुलिस ने उनके कब्जे से 946 ग्राम रिफाइंड सोने की सिल्लियां, 2.870 किलोग्राम चांदी का पाउडर और वारदात में प्रयुक्त कार बरामद की है। बरामद सोने-चांदी की कीमत डेढ़ करोड़ रुपए से अधिक बताई गई है।

उदयपुर एसपी डॉ. अमृता दुहन के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान उत्तर प्रदेश के चंदौली निवासी अजीत पांडे और शिवम पांडे के रूप में हुई है। दोनों राजकोट में वारदात के बाद कार से राजस्थान के रास्ते उत्तर प्रदेश भागने की फिराक में थे। गुजरात पुलिस से सूचना मिलने के बाद राजस्थान पुलिस ने सीमावर्ती क्षेत्रों में नाकेबंदी की। इसी दौरान सुखेर थाना पुलिस ने दोनों को पकड़ लिया।

14 अक्टूबर को की थी वारदात

जानकारी के अनुसार 14 अक्टूबर की शाम राजकोट स्थित तन्वी एक्सपोर्ट इंडिया लिमिटेड गोल्ड रिफाइनरी कंपनी के एक कर्मचारी की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।

इसके बाद बदमाश करीब एक किलो सोना और तीन किलो चांदी लूटकर फरार हो गए थे। घटना के बाद गुजरात पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की और राजस्थान पुलिस को अलर्ट किया।

सिरोही में भी तीन आरोपी पकड़े

मामले में तीन अन्य आरोपियों को सिरोही पुलिस ने भी हिरासत में लिया है। उदयपुर में पकड़े गए दोनों आरोपियों और बरामद माल के संबंध में राजकोट पुलिस को सूचना दे दी गई है।

हत्या और लूट का मुख्य मामला राजकोट में दर्ज होने के कारण आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए दोनों आरोपियों को राजकोट पुलिस के सुपुर्द किया जाएगा।

यह भी पढ़ें- गुजरात: सुरेंद्रनगर थाने में पुलिस पर हमले की कोशिश, वांटेड अपराधी को मुठभेड़ में लगी गोली