राजस्थान के फलोदी में 1050 फीट गहरे बोरवेल में गिरा 9 साल का मासूम, रेस्क्यू में जुटी SDRF की टीम
राजस्थान के फलोदी जिले में एक नौ वर्षीय बच्चा 1050 फीट गहरे बोरवेल में गिर गया, जिसके बाद पुलिस और एसडीआरएफ ने बचाव अभियान शुरू किया है।
-1792087485214_m.webp)
फलोदी में 9 वर्षीय बच्चा 1050 फीट गहरे बोरवेल में गिरा।
HighLights
फलोदी में 9 वर्षीय बच्चा 1050 फीट गहरे बोरवेल में गिरा।
पुलिस और SDRF की टीम बचाव अभियान में जुटी।
बच्चा करीब 640 फीट की गहराई पर फंसा है।
राज्य ब्यूरो, उदयपुर। राजस्थान के फलोदी जिले में गुरुवार को नौ वर्षीय बच्चा करीब 1050 फीट गहरे बोरवेल में गिर गया। हादसे के बाद पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने बचाव अभियान शुरू किया। समाचार लिखे जाने तक बालक को बाहर निकालने के प्रयास जारी थे।
अधिकारियों के अनुसार, हादसा दोपहर करीब 1:30 बजे हुआ। किसान पचाराम के खेत में बोरवेल खराब हो गया था। उसकी मरम्मत के लिए मशीन मंगवाई गई थी। इस दौरान श्रमिक पाइप निकाल रहे थे और बच्चे के पिता मोटर हटाने में लगे थे। तभी बच्चा फिसलकर बोरवेल में गिर गया।
किसान ने बताया कि जब उन्होंने पीछे मुड़कर देखा तो उसका सिर और हाथ दिखाई दे रहे थे, लेकिन उनके मौके पर पहुंचने तक वह और नीचे खिसक गया। पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने मौके पर पहुंचकर बचाव कार्य शुरू किया।
बच्चे की स्थिति और उसकी जगह का पता लगाने के लिए बोरवेल में कैमरा उतारा गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, करीब 640 फीट की गहराई पर हलचल दिखाई दी। बोरवेल की अनुमानित गहराई 1050 फीट होने के कारण बचाव अभियान चुनौतीपूर्ण बना हुआ है।
