राजस्थान पंचायत चुनाव में मंत्री झाबर सिंह खर्रा के परिवार का सूपड़ा साफ, पत्नी और दोनों बेटे हारे चुनाव
राजस्थान पंचायत चुनाव में मंत्री झाबर सिंह खर्रा के परिवार को हार का सामना करना पड़ा, उनकी पत्नी और दोनों बेटे चुनाव नहीं जीत सके।

मंत्री झाबर सिंह खर्रा की पत्नी और दोनों बेटे पंचायत चुनाव में हारे। (फोटो- सोशल साइट X/@JhabarKharraBJP)
जागरण संवाददाता, उदयपुर। राजस्थान पंचायत चुनाव के नतीजों ने सत्तारूढ़ भाजपा को कई क्षेत्रों में झटके दिए हैं। सबसे बड़ा राजनीतिक संदेश नगरीय विकास एवं आवासन मंत्री झाबर सिंह खर्रा के परिवार की हार से सामने आया है। मंत्री की पत्नी शांति देवी और उनके दोनों बेटे चुनाव नहीं जीत सके।
यहां तक कि छोटे भाई की पत्नी प्रतिमा खर्रा को भी जिला परिषद चुनाव में हार का सामना करना पड़ा। मंत्री के परिवार के चार सदस्यों की पराजय को उनके राजनीतिक प्रभाव वाले क्षेत्र में भाजपा के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है।
अजितगढ़ पंचायत समिति के वार्ड-17 से चुनाव मैदान में उतरीं शांति देवी को कांग्रेस प्रत्याशी सरिता जाट ने 57 वोटों से हराया। छोटे बेटे अजय सिंह खर्रा श्रीमाधोपुर पंचायत समिति के वार्ड-20 से भाजपा प्रत्याशी थे। उन्हें कांग्रेस के भैरूराम ने पराजित किया।
वहीं बड़े बेटे दुर्गा सिंह खर्रा वार्ड-19 से निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़े, लेकिन जीत हासिल नहीं कर सके। मंत्री के छोटे भाई की पत्नी प्रतिमा खर्रा भी जिला परिषद के वार्ड-23 से निर्दलीय चुनाव हार गईं।
अजितगढ़ में कांग्रेस का स्पष्ट बहुमत
अजितगढ़ पंचायत समिति की कुल 17 सीटों में कांग्रेस ने 13 पर जीत दर्ज की। भाजपा को तीन और राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी को एक सीट मिली।
राज्य निर्वाचन आयोग के घोषित परिणामों के अनुसार प्रदेश में पंचायत समिति की 4,958 सीटों में कांग्रेस ने 2,463 और भाजपा ने 1,512 सीटें जीतीं। जिला परिषद की मतगणना पूरी हुई 97 सीटों में भाजपा को 25 और कांग्रेस को 66 सीटें मिलीं।