राजस्थान: कच्चे मकान की दीवार बनी काल, मलबे में दबकर मां-बेटी की मौत
राजस्थान के सलूंबर जिले में एक कच्चे मकान की दीवार ढहने से मां-बेटी की दर्दनाक मौत हो गई।

मलबे में दबकर मां-बेटी की मौत।
HighLights
सलूंबर में कच्चे मकान की दीवार ढही।
हादसे में मां गंगा और बेटी राधिका की मौत।
पुलिस और प्रशासन ने जांच शुरू की।
जागरण संवाददाता, उदयपुर। सलूंबर जिले में सेमारी थाना क्षेत्र के भोराई पोल फला में मंगलवार दोपहर कच्चे मकान की दीवार अचानक ढहने से मां-बेटी की दर्दनाक मौत हो गई।
दोनों मकान के भीतर मौजूद थीं और दीवार का भारी मलबा सीधे उनके ऊपर आ गिरा। हादसे में गंगा मीणा (45) पत्नी देवी लाल और उनकी 10 वर्षीय बेटी राधिका की मलबे में दबने से जान चली गई।
अचानक ढही दीवार, संभलने का भी नहीं मिला मौका
जानकारी के अनुसार गंगा मीणा अपनी बेटी राधिका के साथ घर में थीं। इसी दौरान मकान की दीवार अचानक भरभराकर गिर गई। दोनों को संभलने का मौका तक नहीं मिला और वे मलबे के नीचे दब गईं। घटना के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। हादसे से परिवार में कोहराम मच गया।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासन की ओर से आवश्यक कार्रवाई शुरू की गई। मकान की दीवार किन कारणों से गिरी और हादसे की परिस्थितियां क्या थीं, इसकी जांच की जा रही है।