विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

राजस्थान: झालावाड़ में खेलते समय गर्म सब्जी की कड़ाही में गिरी तीन साल की मासूम, उपचार के दौरान मौत

Published: Thu, 19 Nov 2026 10:42 PM (GMT+05:30)

झालावाड़ में एक दुखद घटना में, तीन साल की बच्ची गर्म सब्जी की कड़ाही में गिरने से गंभीर रूप से झुलस गई और उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। 

गर्म सब्जी की कड़ाही में गिरने से तीन साल की बच्ची की मौत (प्रतीकात्मक तस्वीर)

गर्म सब्जी की कड़ाही में गिरने से तीन साल की बच्ची की मौत (प्रतीकात्मक तस्वीर)

HighLights

  1. तीन साल की बच्ची गर्म कड़ाही में गिरी।

  2. झालावाड़ के मांडा श्यामपुर गांव में हुआ हादसा।

  3. उपचार के दौरान अस्पताल में बच्ची की मौत।

जागरण संवाददाता, उदयपुर। राजस्थान के झालावाड़ जिले में गर्म सब्जी की कड़ाही में गिरने से तीन साल की बच्ची की मौत हो गई। हादसा बुधवार शाम करीब 6 बजे सदर थाना क्षेत्र के मांडा श्यामपुर गांव में हुआ। बच्ची की गुरुवार सुबह एसआरजी अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई।

पुलिस के अनुसार बच्ची दिशा झालावाड़ के सेमली बकता गांव निवासी किसान मनीष मेहर की बेटी थी। वह अपनी मां सौरभ बाई के साथ ननिहाल में रह रही थी। बुधवार शाम बच्ची नाना के घर में खेल रही थी।

मां ने सब्जी बनाने के बाद गर्म कड़ाही रसोई के फर्श पर रख दी और घरेलू काम में लग गई। इसी दौरान खेलते हुए दिशा रसोई में पहुंची और संतुलन बिगड़ने से गर्म सब्जी की कड़ाही में गिर गई।

बच्ची की चीख सुनकर परिजन रसोई में पहुंचे और उसे तत्काल एसआरजी अस्पताल ले गए, जहां गुरुवार सुबह उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

सदर थानाधिकारी मोहम्मद इब्राहिम के अनुसार पुलिस ने मृत्यु के वास्तविक कारणों की जांच के लिए भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 194 के तहत मर्ग दर्ज की है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।