उदयपुर तक पहुंची 40 विला खरीद मामले की जांच, शिखर के खिलाफ नोटिस जारी करने की तैयारी
आईएएस शिखर अग्रवाल और उनकी आईपीएस पत्नी प्रशाखा माथुर से जुड़े 40 विला खरीद मामले में एसीबी की जांच उदयपुर पर केंद्रित हो गई है।

विला खरीद मामले में जांच तेज।
HighLights
एसीबी की जांच उदयपुर में 40 विला खरीद पर केंद्रित।
जिला कलक्टर, उप पंजीयक कार्यालय से रिकॉर्ड मांगे गए।
आईएएस शिखर अग्रवाल को नोटिस जारी करने की तैयारी।
जागरण संवाददाता, उदयपुर। आईएएस शिखर अग्रवाल और उनकी आईपीएस पत्नी प्रशाखा माथुर के परिवार से जुड़ी करीब 40 विला की खरीद के मामले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की जांच उदयपुर पर केंद्रित हो गई है।
एसीबी ने सोमवार को उदयपुर जिला कलक्टर और उप पंजीयक कार्यालय को नोटिस जारी कर संबंधित संपत्तियों की रजिस्ट्री से जुड़े रिकार्ड मांगे हैं। जांच एजेंसी जमीन के उपयोग परिवर्तन की प्रक्रिया, जारी स्वीकृतियों और सरकारी स्तर पर हुई कार्रवाई की पड़ताल करेगी।
राज्य सरकार की अनुमति के बाद एसीबी ने 31 अक्टूबर को शिखर अग्रवाल के खिलाफ प्रारंभिक जांच दर्ज की थी। मामले में आरोप है कि अग्रवाल, उनकी पत्नी और परिवार के सदस्यों ने एक निजी कंपनी से उदयपुर और अलवर में करीब 40 विला खरीदे।
आरोप यह भी है कि संपत्तियां बाजार मूल्य से कम कीमत पर खरीदी गईं और अधिकारी के पद का इस्तेमाल कर कंपनी को अनुचित लाभ पहुंचाया गया। जिस कंपनी से संपत्तियां खरीदने का मामला सामने आया है, उसके प्रबंध निदेशक संजय गोयल को भी नोटिस जारी कर रिकार्ड मांगा गया है। वन विभाग और राजस्थान प्रदूषण नियंत्रण मंडल से भी जानकारी मांगी गई है।
एसीबी अग्रवाल से पूछताछ के लिए नोटिस जारी करने की तैयारी में है। उनकी पत्नी भी जांच के दायरे में हैं। दोनों की उपलब्धता के आधार पर पूछताछ की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।
यह भी पढ़ें: राजस्थान में 40 विला खरीदने वाले IAS-IPS दंपति पर बड़ा एक्शन, एंटी करप्शन ब्यूरो ने शुरू की जांच