उदयपुर: अवैध गैस रिफिलिंग के दौरान कार में धमाके से हुई थी 4 युवकों की मौत, 10 साल बाद दुकानदार को 8 साल की जेल
भीलवाड़ा के हमीरगढ़ में 10 साल पहले अवैध गैस रिफिलिंग से हुई चार युवकों की मौत के मामले में अदालत ...और पढ़ें
-1794927141170_m.webp)
गैस टैंक फटने से चार युवकों की मौत मामले में आरोपी को सजा। (यह तस्वीर AI की मदद से बनाई गई है।)
HighLights
अवैध गैस रिफिलिंग से 4 युवकों की मौत हुई थी।
टायर दुकान मालिक को 8 साल की सश्रम कारावास।
अदालत ने 8.5 लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया।
जागरण संवाददाता, उदयपुर। राजस्थान में भीलवाड़ा जिले के हमीरगढ़ में अवैध गैस रिफिलिंग के दौरान कार में आग लगने और गैस टैंक फटने से चार युवकों की मौत के करीब 10 साल पुराने मामले में अदालत ने टायर दुकान मालिक को 8 साल के सश्रम कारावास की सजा सुनाई है।
अपर जिला एवं सेशन न्यायालय संख्या-2 ने आरोपी रमजान अली को भारतीय दंड संहिता की धारा 304 भाग द्वितीय के तहत दोषी मानते हुए 8 लाख 50 हजार रुपए का जुर्माना भी लगाया। मामले में अभियोजन पक्ष ने 31 गवाहों के बयान और 20 दस्तावेज पेश किए।
टायर दुकान के पास हुआ था हादसा
घटना 6 मार्च 2016 की है। हमीरगढ़ थाना क्षेत्र की नई आबादी में दीवाना टायर वर्क्स दुकान के पास खड़ी अल्टो कार में आग लग गई थी। सूचना पर तत्कालीन एएसआई कालूसिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे।
वहां कार आग की चपेट में थी और उसका गैस टैंक फटा हुआ मिला। कार में कुणाल मालीवाल का शव जली हुई हालत में मिला, जबकि आसिफ अली बिसायती, संजय उर्फ अतुल और बाबू उर्फ चेतन उर्फ हर्ष कुमार गंभीर रूप से झुलस गए थे। उपचार के दौरान तीनों ने भी दम तोड़ दिया।
जांच के बाद दुकान मालिक पर कार्रवाई
पुलिस जांच में टायर दुकान मालिक रमजान अली पुत्र शफी मोहम्मद बिसायती निवासी चित्तौड़ी दरवाजा, हमीरगढ़ को आरोपी बनाया गया। उसके खिलाफ आईपीसी की धारा 304 भाग द्वितीय, आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा 3/7 और पेट्रोलियम गैस से संबंधित कानूनी प्रावधानों के तहत मामला चलाया गया।
31 गवाहों ने दी गवाही
अपर लोक अभियोजक राजेन्द्र कुमार गुर्जर ने अभियोजन पक्ष की ओर से पैरवी की। सुनवाई के दौरान 31 गवाहों के बयान और 20 दस्तावेज अदालत में पेश किए गए। इनकी सुनवाई के बाद अदालत ने रमजान अली को दोषी करार देते हुए सजा सुनाई।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।