दक्षिण राजस्थान के जनजाति अंचल में भाजपा का बेहतर स्ट्राइक रेट, अंतरराज्यीय रणनीति आई काम
दक्षिण राजस्थान के जनजाति बहुल क्षेत्रों में भाजपा ने पंचायती राज चुनावों में बेहतर प्रदर्शन किया है। यह सफलता गुजरात और मध्यप्रदेश के कार्यकर्ताओं के साथ तैयार की गई विशेष अंतरराज्यीय रणनीति का परिणाम है।

उदयपुर सांसद और एसटी मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. मन्नालाल रावत।
HighLights
भाजपा ने दक्षिण राजस्थान के जनजाति क्षेत्रों में बेहतर प्रदर्शन किया।
अंतरराज्यीय रणनीति और संगठनात्मक समन्वय ने सफलता दिलाई।
गुजरात-मध्यप्रदेश के 90 जनजाति कार्यकर्ताओं ने चुनाव में सहयोग किया।
जागरण संवाददाता, उदयपुर। राजस्थान के पंचायती राज चुनावों में दक्षिण राजस्थान के जनजाति बहुल क्षेत्रों में भाजपा का प्रदर्शन बेहतर रहा। मेवाड़-वागड़ के उदयपुर, प्रतापगढ़, बांसवाड़ा और डूंगरपुर सहित आदिवासी अंचल में पार्टी की सफलता के पीछे चुनाव से पहले तैयार की गई विशेष रणनीति और अंतरराज्यीय संगठनात्मक समन्वय को अहम माना जा रहा है। इसके तहत गुजरात और मध्यप्रदेश के 90 जनजाति कार्यकर्ताओं को चुनावी जिम्मेदारी सौंपी गई थी।
भाजपा के राष्ट्रीय संगठक एवं एसटी मोर्चा के पालक वी. सतीश तथा उदयपुर सांसद और एसटी मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. मन्नालाल रावत के नेतृत्व में 17 अक्टूबर को उदयपुर में तीन राज्यों के कार्यकर्ताओं की प्रशिक्षण बैठक हुई थी। इसमें कुल 113 प्रतिनिधियों ने भाग लिया। इनमें मध्यप्रदेश के 23, गुजरात के 67 और राजस्थान के 23 कार्यकर्ता शामिल थे।
हर पंचायत समिति के लिए बनाई विशेष टीम
चुनाव के लिए प्रत्येक संबंधित पंचायत समिति में विशेष प्रधान यूनिट गठित की गई। इन टीमों ने प्रत्याशियों के साथ समन्वय बनाकर प्रचार, जनसंपर्क और संगठनात्मक गतिविधियों में भागीदारी की। अभियान की नियमित समीक्षा वी. सतीश और डॉ. मन्नालाल रावत के मार्गदर्शन में की गई। परिणामों में उदयपुर जिले में भाजपा ने 20 में से 11 पंचायत समिति प्रधान बनाने में सफलता हासिल की।
प्रतापगढ़ में पार्टी को जिला प्रमुख का पद मिला। बांसवाड़ा, डूंगरपुर, सलूंबर और चित्तौड़गढ़ में भी प्रधान पदों के चुनाव में भाजपा ने कांग्रेस को कड़ी चुनौती दी। इस अभियान को धरातल पर उतारने में राजस्थान में बंशीलाल कटारा की निगरानी के साथ प्रदेश महामंत्री राजबहादुर मीणा, मध्यप्रदेश के दिलीप मकवाना और पूर्व विधायक कल सिंह रावत तथा गुजरात एसटी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष गणपत सिंह वसावा की भूमिका रही। चुनाव परिणामों के बाद भारतीय आदिवासी पार्टी (बीएपी) के सांसद राजकुमार रोत की भूमिका भी राजनीतिक चर्चा में रही।
सहयोग, सहकार और समन्वय से मिले सकारात्मक परिणाम
राष्ट्रीय नेतृत्व के मार्गदर्शन में ‘जनजाति क्षेत्र और समाज की सबसे बड़ी हितैषी पार्टी भाजपा है’ की थीम पर ब्लॉक केंद्रित संगठनात्मक रचना तैयार की गई। सहयोग, सहकार और समन्वय के आधार पर बनाई गई इस रणनीति के सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं।- डॉ. मन्नालाल रावत, सांसद, उदयपुर एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष, भाजपा एसटी मोर्चा
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।