राजस्थान: सड़क किनारे खड़े तीन युवकों को ट्रॉले ने कुचला, मौके पर ही मौत
राजस्थान के बांसवाड़ा जिले में नेशनल हाईवे-56 पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन दोस्तों की मौत हो गई।

सड़क हादसे में जान गंवाने वाले तीनों युवक। (फोटो-जागरण)
HighLights
NH-56 पर ट्रॉले ने तीन दोस्तों को कुचला।
हादसे में तीनों युवकों की मौके पर ही मौत।
धनपाल आठ बहनों का इकलौता भाई था।
जागरण संवाददाता, उदयपुर। राजस्थान के बांसवाड़ा जिले में नेशनल हाईवे-56 पर शुक्रवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन दोस्तों की मौत हो गई। लसोड़िया पाड़ी के पास हाईवे किनारे खड़े होकर बातचीत कर रहे तीन युवकों को तेज रफ्तार ट्रॉले ने कुचल दिया।
हादसा इतना भीषण था कि तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की मदद से उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। हादसे में जान गंवाने वालों में 21 वर्षीय धनपाल भी शामिल था, जो आठ बहनों का इकलौता भाई था।
परिवार की उम्मीद और बहनों का सहारा माने जाने वाले धनपाल की मौत से घर में कोहराम मच गया। एक साथ तीन युवकों की मौत से तीन परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
दोस्त को देखकर बाइक रोकी, सड़क किनारे कर रहे थे बातचीत
एएसआई अमर सिंह के अनुसार सज्जनगढ़ थाने में संदलाई बड़ी निवासी प्रदीप ने रिपोर्ट दर्ज करवाई है। रिपोर्ट के मुताबिक शुक्रवार (30 अक्टूबर) रात करीब 9 बजे भड़वेल निवासी सुनील पुत्र फूलजी पटेल (25) लसोड़िया पाड़ी के पास नेशनल हाईवे किनारे अपनी साइड में खड़ा था।
इसी दौरान सेंड नानी निवासी अंकित पुत्र रमेश मछार (21) और संदलाई बड़ी निवासी धनपाल पुत्र सोहनलाल डोडियार (21) बाइक से खुदनी हाला की तरफ से आ रहे थे। रास्ते में दोस्त सुनील को खड़ा देखकर दोनों ने बाइक रोक दी। इसके बाद तीनों सड़क किनारे खड़े होकर आपस में बातचीत करने लगे।
भील कुआं की तरफ से आया ट्रॉला, तीनों को लिया चपेट में
तीनों दोस्त बातचीत कर ही रहे थे कि भील कुआं की तरफ से आ रहे ट्रॉले ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने से तीनों युवक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
राहगीरों ने तत्काल सज्जनगढ़ पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और 108 एंबुलेंस की मदद से तीनों घायलों को सज्जनगढ़ अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद तीनों को मृत घोषित कर दिया।
आठ बहनों का इकलौता भाई था धनपाल
हादसे में जान गंवाने वाला 21 वर्षीय धनपाल आठ बहनों का इकलौता भाई था। परिवार में वह सभी बहनों का लाडला था और उनके लिए सहारा भी।
जिस भाई के हाथों में बहनें अपना भविष्य और सुरक्षा देखती थीं, उसकी अचानक मौत ने पूरे परिवार को तोड़कर रख दिया। धनपाल की मौत की खबर से आठों बहनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
ट्रॉला जब्त, पुलिस ने शुरू की जांच
एएसआई अमर सिंह ने बताया कि पुलिस ने हादसे में शामिल ट्रॉले को जब्त कर थाने में खड़ा करवा दिया है। परिवादी की रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस हादसे के कारणों और अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। तीन दोस्तों की एक साथ मौत से लसोड़िया पाड़ी सहित आसपास के गांवों में शोक की लहर है।
यह भी पढ़ें- उदयपुर में 10 विला, अलवर में 8... IAS अधिकारी और उनकी IPS पत्नी के खिलाफ भ्रष्टाचार की हो रही जांच
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।