तरंग शक्ति-2026: हवाई अभ्यास में राफेल के कॉकपिट से बनाया वीडियो
जोधपुर एयरबेस पर चल रहे 'तरंग शक्ति-2026' हवाई युद्धाभ्यास में भारतीय वायुसेना के पायलट ने राफेल के कॉकपिट से एक वीडियो बनाया।

हवाई अभ्यास में राफेल के कॉकपिट से बनाया वीडियो।
HighLights
राफेल कॉकपिट से हवाई अभ्यास का वीडियो बनाया गया।
जोधपुर एयरबेस पर आठ देशों का तरंग शक्ति युद्धाभ्यास।
जर्मनी ने अत्याधुनिक ए400एम एटलस विमान तैनात किया।
जागरण संवाददाता, जयपुर। जोधपुर एयरबेस पर भारत सहित आठ देशों की वायुसेना का युद्धाभ्यास "तरंग शक्ति-2026" जारी है। हवाई अभ्यास के दौरान भारतीय वायुसेना के पायलट ने राफेल के कॉकपिट से अभ्यास का वीडियो बनाया। पेगासे-26 मिशन में संयुक्त अरब अमीरात स्थित फ्रांसीसी सैन्य एयरबेस से राफेल लड़ाकू विमान भी शामिल हुए।
दिन-रात के अभ्यास में जोधपुर के आसमान में लड़ाकू विमानों की गर्जना सुनाई देती है। रात्रि अभ्यास के दौरान फ्रांसीसी वायुसेना ने सोशल मीडिया पर लिखा कि भारत की रात की खामोशी में जेट इंजनों के आफ्टरबर्नर की भीषण गर्जना और अभ्यास शुरू होने से ठीक पहले का यह लम्हा खास और काल्पनिक लग रहा है।
इस ठहरे हुए पल में ग्राउंड क्रू और पायलट आपस में गहरा तालमेल बिठाते हैं, जो तरंग शक्ति अभ्यास को एक अलग ही भावुक और कलात्मक पहचान प्रदान करता है। अभ्यास में जर्मनी ने अपने अत्याधुनिक ए400एम एटलस परिवहन विमान को जोधपुर एयरबेस पर तैनात किया है।
यह विमान भारी सामान और सैनिकों की आवाजाही के साथ जटिल लॉजिस्टिक्स और एयरलिफ्ट ऑपरेशन्स के लिए जाना जाता है। हवाई अभ्यास में भारत के अतिरिक्त अमेरिका, रूस, श्रीलंका, संयुक्त अरब अमीरात, बांग्लादेश, फ्रांस, ऑस्ट्रेलिया देश शामिल हो रहे हैं।
