तरंग शक्ति 2026 का समापन: वायुसेना प्रमुख एपी सिंह ने स्वदेशी तेजस में भरी करियर की अंतिम उड़ान
वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल ए.पी. सिंह ने जोधपुर एयरबेस पर स्वदेशी लड़ाकू विमान तेजस में अपने करियर की अंतिम उड़ान भरी।

वायुसेना प्रमुख एपी सिंह ने स्वदेशी तेजस में भरी करियर की अंतिम उड़ान।
HighLights
वायुसेना प्रमुख एपी सिंह ने तेजस में करियर की अंतिम उड़ान भरी।
जोधपुर एयरबेस पर तरंग शक्ति-2026 युद्धाभ्यास का समापन हुआ।
31 अक्टूबर को सेवानिवृत्त होंगे, आशुतोष दीक्षित बनेंगे नए प्रमुख।
जागरण संवाददाता, जयपुर। भारतीय वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल ए.पी. सिंह ने सोमवार को जोधपुर एयरबेस में स्वदेशी लड़ाकू विमान तेजस में अपने करियर की अंतिम उड़ान भरी। इसके साथ ही 26 सितंबर से प्रारंभ हुआ हवाई युद्धाभ्यास तरंग शक्ति-2026 का समापन हो गया।
युद्धाभ्यास में भारत के अतिरिक्त अमेरिका, ग्रीस, आस्ट्रेलिया, संयुक्त अरब अमीरात, जर्मनी, श्रीलंका, बांग्लादेश के वायुसैनिक शामिल हुए थे। वायुसेना प्रमुख के साथ सुखोई-30, राफेल, एफ-16, मिराज-200 विमानों ने भी आसमान में एक साथ उड़ान भरी।
भारतीय वायुसेना के सूर्यकिरण विमानों ने भी अलग-अलग फॉर्मेशन बनाई।
गौरतलब है कि एयर चीफ मार्शल 31 अक्टूबर को सेवानिवृत्त होंगे। वहीं, आशुतोष दीक्षित भारतीय वायुसेना के नए प्रमुख होंगे।
वायुसेना ने सोशल मीडिया पर लिखा कि स्वदेशी लड़ाकू विमान तेजस के कॉकपिट में बैठकर एयर चीफ मार्शल ने अपने करियर की आखिरी उड़ान भरी।
यह उनके शानदार करियर का ऐतिहासिक पल रहा, जो उड़ान के प्रति अटूट जुनून और राष्ट्रसेवा के प्रति अडिग समर्पण से गढ़ा गया है। आसमान में उड़ान का यह अध्याय भले ही समाप्त हो रहा हो, लेकिन राष्ट्रसेवा का मिशन जारी रहेगा।
