राजसमंद में वीडियो कोच बस पलटी, दो यात्रियों की मौत, 20 से ज्यादा घायल
चालक बहुत तेज गति में बस चला रहा था, सभी यात्री नींद में थे, तभी चालक को झपकी आने से बस अनियंत्रित होकर पलट गई।
उदयपुर, जेएनएन। राजसमंद जिले के दिवेर थाना क्षेत्र के दराड़ा घाटी में गुरुवार सुबह सवारियों से भरी एक वीडियो कोच बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे के समय अधिकतर यात्री बस में सो रही थे, ऐसे में उन्हें संभलने का मौका नहीं मिला। हादसे में दो यात्रियों की मौत हो गई, वहीं 20 से ज्यादा घायल हुए हैं।
घटना की सूचना पर क्षेत्रवासी और पुलिस यात्रियों को बचाने के लिए मौके पर पहुंचे। यात्रियों को जल्द से जल्द अस्पताल पहुंचाया गया। इस बीच दो यात्रियों की मौत हो गई। पांच लोगों की हालत गंभीर होने से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें राजसमंद के जिला अस्पताल से उदयपुर के एमबी हॉस्पिटल रैफर कर दिया। जबकि 15 यात्रियों का उपचार राजसमंद में चल रहा है। कुछ यात्रियों के फ्रेक्चर हुआ है, सभी खतरे से बाहर हैं।
घायल यात्रियों ने बताया कि बस अहमदाबाद से हरिद्वार जा रही थी। बस अहमदाबाद से ही काफी देर से चली थी, इसलिए चालक गाड़ी बहुत तेज गति में चला रहा था। दिवेर में चाय-पानी के लिए चालक से चार ढाबों पर बस रोकी, लेकिन चारों जगह खाने-पीने को कुछ नहीं मिला, इस पर चालक ने पांचवें ढाबे पर बस रोकी, वहां चाय-पानी करके कुछ देर रूकने के बाद बस आगे चली। चालक बहुत तेज गति में बस चला रहा था, सभी यात्री नींद में थे, तभी चालक को झपकी आने से बस अनियंत्रित होकर पलट गई।