वसुंधरा बोलीं, कांग्रेस किस मुंह से करती है भ्रष्टाचार की बात
वसुंधरा राजे ने कहा कि भ्रष्टाचार के मामले में हमने जीरो टोलरेंस पर काम किया है।
जागरण संवाददाता, जयपुर। मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा, जिस पार्टी के नेता भ्रष्टाचार के मामले में जेल गए हों, वह किस मुंह से भ्रष्टाचार की बात करती है। पूरे देश ने राज्य की तत्कालीन कांग्रेस सरकार के तीन-तीन मंत्रियों को टीवी पर पैसे लेते हुए देखा था।
वसुंधरा राजे ने कहा कि भ्रष्टाचार के मामले में हमने जीरो टोलरेंस पर काम किया है। उन्होंने कहा राज्य के इतिहास में पहली बार पेट्रोल और डीजल पर 4 प्रतिशत वैट कम किया गया है। राज्य में कई साल तक कांग्रेस की सरकारें रहीं, लेकिन कभी पेट्रोल और डीजल के दामों में कमी नहीं की गई।
वसुंधरा राजे ने हर पांच साल में सरकार बदलने की परंपरा को समाप्त करने का आह्वान करते हुए कहा कि प्रदेश के विकास के लिए स्थायी सरकार चाहिए। सोमवार को राजस्थान गौरव यात्रा के तहत चूरू और भादरा में जनसभाओं को संबोधित करते हुए वसुंधरा राजे ने केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं की चर्चा करते हुए कहा कि उज्जवला योजना से महिलाओं को लाभ हुआ है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने अब तक के कार्यकाल में कई अहम निर्णय लिए है।