संघ को खुश करने में जुटी वसुंधरा सरकार
विधानसभा चुनाव निकट आते देख मुख्यमंत्री ने संघ पदाधिकारियों से वापस से निकटता बढ़ाना प्रारम्भ किया है।मीसा,डीआरआई बंदियों की पेंशन बढ़ोतरी की गई है।
जयपुर, जागरण संवाददाता। राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ (आरएसएस) से रिश्ते सुधारने में जुटी मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने संघ को खुश करने के लिए अब नया निर्णय लेते हुए आपातकाल के दौरान आंतरिक सुरक्षा कानून (मीसा ) और डिफेंस आॅफ इंडिया रूल्स (डीआरआई) के तहत जेल जाने वाले बंदियों की पेंशन में बढ़ोतरी की है।
मीसा और डीआरआई बंदियों की पेंशन 12 हजार से बढ़ाकर 20 हजार रूपये की गई है। वहीं चिकित्सा भत्ता 1200 से बढ़ाकर 4,000 रूपये किया गया है। राज्य के सामान्य प्रशासन विभाग ने इस बारे में बुधवार को आदेश जारी कर दिए। सरकार के नये निर्णय के बाद अब मीसा और डीआरआई बंदी लोकल और एक्सप्रेस बस में नि:शुल्क यात्रा कर सकेंगे।
मुख्यमंत्री ने मंत्रियों को अपने-अपने प्रभार वाले जिलों में मीसा और डीआरआई के तहत जेल जाने वाले लोगों के नियमित रूप से सम्पर्क में रहने के लिए भी कहा है। सामान्य प्रशासन मंत्री हेम सिंह भड़ाना ने बुधवार को सभी जिला कलेक्टरों से बात कर मीसा और डीआईआई बंदियों की सुविधाओं का ध्यान रखने के लिए कहा है। करीब 4 माह पूर्व बजट में वसुंधरा राजे ने मीसा और डीआरआई बंदियों को "लोकतंत्र रक्षक "नाम देने की घोषणा की थी। आरएसएस की प्रदेश इकाई से रिश्ते सुधारने की कड़ी में ही मुख्यमंत्री ने मंत्रियों को संघ की सिफारिश के आधार पर अपने-अपने विभागों में तबादले करने के लिए कहा है।
मंत्रियों से कहा गया है कि संघ के वरिष्ठ पदाधिकारियों द्वारा भेजी गई सिफारिशों पर तत्काल अमल कर उन्हे अवगत कराया जाए। मुख्यमंत्री ने मंत्रियों को जिलों में दौरों पर जाते समय संघ के स्वयंसेवकों के साथ अलग से बैठक करने के लिए भी कहा है। उल्लेखनीय है कि पिछले कुछ सालों से संघ के प्रदेश पदाधिकारियों और मुख्यमंत्री के बीच कई मामलों को लेकर तनाव उत्पन्न हुआ। कई बार भाजपा के केन्द्रीय पदाधिकारियों को हस्तक्षेप करना पड़ा।
तनाव के चलते ही दो लोकसभा और एक विधानसभा सीट के उप चुनाव में भी संघ के स्वयंसेवकों ने भाजपा के चुनाव अभियान से दूरी बनाए रखी थी। उप चुनाव में तीनों सीटें हारने के बाद भाजपा के राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री वी.सतीश और प्रदेश प्रभारी अविनाश राय खन्ना ने संघ पदाधिकारियों एवं मुख्यमंत्री के बीच दूरियां कम करने का प्रयास किया।
अब विधानसभा चुनाव निकट आते देख मुख्यमंत्री ने संघ पदाधिकारियों से वापस से निकटता बढ़ाना प्रारम्भ किया है। इसी कड़ी में मीसा और डीआरआई बंदियों की पेंशन में बढ़ोतरी की गई है। चिकित्सा एवं शिक्षा विभाग में तबादलों को लेकर भी संघ की नाराजगी थी,उसे भी दूर करने का प्रयास किया जा रहा है ।