Arthaat: उदयपुर की बेटी रिदम ने 'अर्थात' के जरिये बालीवुड में रखा कदम
Arthaat उदयपुर की बेटी रिदम बालीवुड में अपने अभिनय के जरिये धाक जमाने जा रही हैं। अपनी पहली लघु फिल्म अर्थात के जरिये उन्होंने साबित कर दिया है कि वह किसी से कम नहीं हैं। बेव सीरिज पर जल्द ही उसकी फिल्म आने वाली है।
उदयपुर, संवाद सूत्र। Arthaat: राजस्थान में मेवाड़ की बेटियों ने हर क्षेत्र में अपनी पहचान बनाई है। तैराकी में उदयपुर की बेटी भक्ति और गौरवी दुनिया भर में पहचान बना चुकी हैं। अब उदयपुर की बेटी रिदम बालीवुड में अपने अभिनय के जरिये धाक जमाने जा रही हैं। अपनी पहली लघु फिल्म 'अर्थात' के जरिये उन्होंने साबित कर दिया है कि वह किसी से कम नहीं हैं। बेव सीरिज पर जल्द ही उसकी फिल्म आने वाली है। रिदम ने हाल ही में दिग्गज कलाकार मनोज जोशी के साथ 'अर्थात' में अभिनय किया। यह फिल्म 23 अप्रैल को रिलीज हुई। मनोज जोशी भी रिदम के अभिनय के कायल हो गए हैं। उदयपुर तथा जयपुर में स्कूल और कालेज की शिक्षा पूरी करने के बाद रिदम ने मुंबई का रुख किया और अभिनय सीखा।
'अर्थात' रिलीज होने के बाद उदयपुर आई रिदम बताती है कि उसने महज सत्रह साल की उम्र में एंकरिंग के जरिये इस क्षेत्र में कदम रखा था। दूरदर्शन तथा निजी चैनल में शो करने के बाद उसने मुंबई का रुख किया। मॉडलिंग में कई प्रोजेक्ट करने के बाद उसने अभिनय क्षेत्र में शार्ट फिल्म 'अर्थात' के जरिए फिल्म लाइन में कदम रखा। वह बताती है कि वह इन दिनों वेब सीरिज के लिए बहुत ही चुनौतीपूर्वक रोल करने जा रही है। जिसकी तैयारी इन दिनों जारी है। जल्द ही बड़े मंच के जरिए उसकी घोषणा की जाएगी।
गौरतलब है कि उदयपुर शहर के युवा फिल्म निर्देशक और लेखक फिल्म 'एन इंडियन गर्ल ने 11 से अधिक राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव पुरस्कार प्राप्त किए थे। उदयपुर शहर की गोद में पले युवा निर्देशक सौरभ लक्षकार की इस उपलब्धि को बॉलीवुड के साथ ही शहर के फिल्म निर्माण से जुड़े लोगों में सराहा जा रहा है। मोहनलाल सुखाडिय़ा विश्वविद्यालय से स्नातक करने के बाद दस साल पूर्व फिल्म इंडस्ट्री में कदम रखने वाले सौरभ ने उदयपुर और मुंबई में कई शॉट्र्स फिल्म्स, एडवरटाइजमेंट और वेब सीरीज का निर्माण किया हैं। दस से अधिक पुरस्कार प्राप्त कर चुकी फिल्म 'एन इंडियन गर्ल एक लघु फिल्म है, जिसमें मिसेज इंडिया और मिसेज अर्थ प्रियंका खुराना गोयल प्रमुख अभिनेत्री के रूप में है।
यह चार लड़कियों के जीवन पर आधारित कहानी है, जो पूरी तरह से अलग हालातों में जी रही हैं। इनके अपने स्वभाव, समस्याएं और हालात होते हैं, जिनको ये लड़कियां कैसे संभालती हैं और अपनी चुनौतियों से कैसे लड़ती हैं वहीं इस फिल्म में दिखाया गया हैं। फिल्म का निर्माण 'वीपीआर एंटरटेनमेंट द्वारा किया गया है। सिनेमेटोग्राफी यशवंत साहू, सह लेखन सुमित मेनारिया, इंद्रदत्त व्यास और अजयपाल सिंह राव ने किया हैं और संगीत सहिल जोनस ने दिया है। हाल ही में सौरभ ने बॉलीवुड के जाने माने कलाकारों के साथ क्राइम आधारित 5 एपिसोड वेब श्रृंखला का निर्देशन किया है जो एफ-13 ओटीटी प्लेटफॉर्म पर टेलीकास्ट हो रहा है और यशवंत साहू ने इसमें सिनेमेटोग्राफी की है। सौरभ ने एक उपन्यास '26/11 ए लव स्टोरी का लेखन भी किया हैं।