Triple Talaq: महिला की जेठानी की पुत्री से करना था दूसरा निकाह, इसलिए पहली बीबी के पीहर आकर तीन बार बोला तलाक
Triple Talaq महिला की जेठानी की पुत्री से दूसरा निकाह करने के लिए एक व्यक्ति ने अपनी पहली बीबी के पीहर आकर तीन बार तलाक बोला। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जोधपुर, संवाद सूत्र। Triple Talaq: राजस्थान के जोधपुर में महिला की जेठानी की पुत्री से निकाह करने के लिए एक व्यक्ति ने अपनी बीबी के पीहर जाकर तीन बार तलाक बोल निकाह तोड़ लिया। व्यक्ति के सात साल की एक पुत्री भी है। इस संबंध में लूनी थाना पड़ताल कर रहा है। जोधपुर के लूणी थानाधिकारी सीताराम ने बताया कि लूणी की रहने वाली एक महिला ने यह रिपोर्ट दी। पीहर में बैठी महिला को उसके पति ने घर आकर तीन बार तलाक बोला और छोड़ दिया। महिला की शादी नौ साल पहले शिकारपुरा निवासी असगर खां पुत्र फूले खां के साथ हुई थी। शादी के बाद उसके एक सात साल की बेटी है।
गत दिनों वह अपने पीहर में थी। तब 29 जून को उसका पति असगर खां घर आया और तीन बार तलाक बोल कर चला गया और उसे छोड़ दिया। पीड़िता ने कोर्ट की शरण ली और इस्तगासे के जरिए लूणी थाने में केस दर्ज करवाया। महिला का आरोप है कि उसकी जेठानी की पुत्री से आरोपित असगर ने अब निकाह कर उसे घर में रख लिया है। थानाधिकारी ने बताया कि कोर्ट से मिले इस्तगासे पर अब इस बारे में मुकदमा दर्ज कर अनुसंधान किया जा रहा है।
पत्नी लगाया 18 लाख के जेवर चुराने का आरोप
जोधपुर शहर के परिहार नगर भदवासिया में रहने वाले एक ज्वैलर्स ने अपनी पत्नी व सालों के खिलाफ से घर से 18 लाख कीमत के जेवरात चुराकर ले जाने का आरोप लगाते हुए पुलिस में मामला दर्ज करवाया है। उसका अपनी पत्नी से मनमुटाव होना बताया जाता है। कोर्ट से मिले इस्तगासे पर पुलिस ने अब इस पर तफ्तीश आरंभ की है। चुराया गया सोना करीबन 537 ग्राम है, जोकि ग्राहकों का होना बताया जा रहा है। महामंदिर पुलिस ने बताया कि इस बारे में परिहार नगर भदवासिया निवासी सत्यानारायण पुत्र दौलतराम सोनी की तरफ से रिपोर्ट दी गई है। इसमें पुलिस को बताया कि चांदी के जेवरात बनाने व बेचने का काम करता है।
रिपोर्ट के अनुसार उसकी शादी 13 वर्ष पूर्व मेड़तासिटी निवासी इन्द्रा सोनी पुत्री बंकटलाल सोनी के साथ हुई थी। जिससे उसके 11 वर्षीय पुत्री व 8 वर्षीय पुत्र भी है। इंद्रा को पत्नी के होने के नाते उसे तिजोरियों में रखे जाने वाले जेवरात और उसकी चाबियों का भी पता था। गत वर्ष उसका पत्नी के बीच मनमुटाव चल रहा था। जिसके चलते वह घर छोड़कर पीहर जाते वक्त खुद का स्त्रीधन के साथ तिजोरी में रखा जेवरात भी निकाल लेकर गई। पीड़ित के अनुसार, 30 अक्टूबर को उसकी पत्नी इन्द्रा का फोन आया कि उसके पिता के तबीयत ठीक नहीं है और वह मेड़ता जा रही है। घर की चाबियां उसके पड़ोस में रहने वाली बहन को देकर जा रही है। रिपोर्ट में बताया कि एक नवंबर, 2019 को जब परिवादी को व्यवसाय के संबंधित जेवरात की जरूरत पड़ी तो घर में रखी तिजोरी खाली थी। जबकि इस तिजारी में ग्राहकों के जेवरात करीबन 537 ग्राम सोना गायब था। इसकी अनुमानित कीमत करीबन 18 लाख रुपये है। पुलिस मामले की पड़ताल कर रही है।