राजस्थान में श्मशान घाट पर शव दफनाने के बाद तनाव
Tension in Rajasthan. राजस्थान में ग्रामीणों ने श्मशान घाट पहुंच कर देखा तो श्मशान घाट पर किसी के दफनाए जाने से लोगों में आक्रोश फैल गया।
जागरण संवाददाता, जयपुर। राजस्थान में अलवर जिले के भिवाड़ी थाना क्षेत्र में मिलकपुर गांव के श्मशान घाट में अज्ञात शव दफनाए जाने से तनाव बढ़ गया है। रविवार देर रात मिलकपुर गांव में अज्ञात शव को दफनाए जाने की आशंका के चलते ग्रामीणों ने पहले आसपास से जानकारी जुटाई लेकिन किसके यहां मौत हुई है, जब इसका पता नहीं चला कि तो ग्रामीणों ने श्मशान घाट पहुंच कर देखा तो श्मशान घाट पर किसी के दफनाए जाने से लोगों में आक्रोश फैल गया।
इस मामले की भिवाड़ी थाना पुलिस की सूचना दी गई। सूचना मिलते ही तहसीलदार विनीता स्वामी और पुलिस थाना अधिकारी बालाराम मौके पर पहुंचे। नगर परिषद के चेयरमैन संदीप दायमा सहित कई लोग श्मशान घाट पहुंच गए और शव की पहचान कराने की मांग की गई।
जानकारी के अनुसार, शव के पास में ही नमक की खाली थैलियां भी पड़ी हुई थी। इससे लोगों में आशंका उत्पन्न हुई की अज्ञात शव को दफनाया गया, जिसकी जांच जरूरी है। इसी बीच, जानकारी सामने आई कि भिवाड़ी में रह रहे यूपी में प्रतापगढ़ मूल के रमेशचंद्र ने अपने दस साल के बेटे शिवचंद का शव दफनाया था। शिवचंद काफी दिनों से बीमार था और उसकी रविवार को ही मौत हुई थी। रमेशचंद्र ने बताया कि उनके यहां नाबालिग को दफनाया जाता है,इसलिए उन्होंने ऐसा किया। हालांकि ग्रामीणों के कहने पर सोमवार को शव को बाहर निकालकर दफनाया गया।