यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Dec 10, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Rajasthan: 'दुकान जल्द खाली कर दो, नहीं तो बम से उड़ा देंगे'; PFI के नाम से टेलर को मिली धमकी
राजस्थान में अलवर जिले के चिकानी गांव निवासी 76 वर्षीय टेलर सोहन लाल जाटव को बम से उड़ाने की धमकी ...और पढ़ें

HighLights
- 76 वर्षीय टेलर सोहन लाल जाटव को बम से उड़ाने की मिली धमकी
- करीब 25 दिन पहले डाक से मिला था पत्र
जागरण संवाददाता, जयपुर। राजस्थान में अलवर जिले के चिकानी गांव निवासी 76 वर्षीय टेलर सोहन लाल जाटव को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। धमकी भरा पत्र भेजने वाले ने अपना नाम पीएफआई (पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया) लिखा है।
डाक से मिला धमकी भरा पत्र
पीड़ित ने बताया कि उन्हे करीब 25 दिन पहले यह पत्र डाक से मिला था। लेकिन विधानसभा चुनाव में माहौल नहीं बिगड़े, यह सोचकर वे चुप रहे। अब सात दिसंबर को अलवर सदर पुलिस थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई है। पुलिस थाना अधिकारी दिनेश मीणा ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पत्र में कुछ दुकानों पर दो पक्षों के अधिकार का उल्लेख है।
पत्र में दुकान को उड़ाने का है उल्लेख
पत्र में टेलर को लिखा है कि दुकान जल्द खाली कर दो, नहीं तो बम से उड़ा देंगे। तुम्हारी दुकान मुसलमानों की जगह पर है। यह नहीं चलेगा। अब तुमसे धैर्य से बोल रहा हूं। इस जगह की सही कीमत ले लो और खाली कर दो। मैं पीएफआई हूं, खाली नहीं करोगे तो बम से सब कुछ नष्ट कर दूंगा। पीएफआई तुमको 31 दिसंबर तक का समय देता है। नहीं तो पीएफआई को दुनिया जानती है।
यह भी पढ़ेंः Rajasthan CM Candidate: वसुंधरा राजे का 'शक्ति प्रदर्शन' जारी, 10 विधायकों ने की पूर्व CM से मुलाकात
अदालत में चल रहा जमीन का मुकदमा
पीड़ित ने बताया कि मैने,1971 में जमीन खरीदी थी। इस मामले में रती मोहम्मद व अन्य के साथ न्यायालय में मुकदमा चल रहा है। पुलिस इस मामले में जांच कर रही है। उल्लेखनीय है कि केंद्र सरकार ने 27 सितंबर को पीएफआई सहित आठ संगठनों पर बैन लगाया है। इससे पहले उदयपुर में टेलर कन्हैयालाल की गला काटकर हत्या कर दी गई थी। अब एक टेलर को फिर धमकी मिली है।