राजस्थान: अंगुली की चोट का इलाज कराने गए युवक को अस्पताल ने थमाया डेथ सर्टिफिकेट, अब खुद को जिंदा साबित करने की गुहार
राजस्थान के जयपुर में एसएमएस अस्पताल की बड़ी लापरवाही सामने आई है, जहां एक व्यक्ति को गलती से मृत घोषित कर दिया गया और उसे खुद को जिंदा साबित करने के लिए 25 दिनों से अस्पताल के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं।

जयपुर के एसएमएस अस्पताल ने जीवित व्यक्ति को गलती से मृत घोषित किया (सांकेतिक तस्वीर)
HighLights
जयपुर अस्पताल ने जीवित व्यक्ति को गलती से मृत घोषित किया
दिनेश सैनी 25 दिनों से खुद को जिंदा साबित करने में जुटे
अस्पताल प्रशासन ने गलती स्वीकार कर सुधार का आश्वासन दिया
जागरण संवाददाता, जयपुर। राजस्थान से चिकित्सा व्यवस्था की एक हैरान करने वाली लापरवाही सामने आई है। यहां एक व्यक्ति पिछले 25 दिनों से खुद को जिंदा साबित करने के लिए अस्पताल के चक्कर काट रहा है।
दरअसल, जयपुर में एसएमएस अस्पताल के ट्रामा सेंटर के रिकार्ड में उसे गलती से मृत घोषित कर डेथ सर्टिफिकेट जारी कर दिया गया। बता दें कि आमेर निवासी 31 वर्षीय दिनेश सैनी तीन नवंबर को अंगुली में लगी चोट का उपचार कराने एसएमएस अस्पताल के ट्रामा सेंटर पहुंचे थे।
जयपुर अस्पताल ने जीवित व्यक्ति को गलती से मृत घोषित किया
प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई। हालांकि, उसी शाम उनके पास अस्पताल और पुलिस के फोन आने लगे। उन्हें बताया गया कि दिनेश नाम के एक व्यक्ति की मौत हो गई है और शव लेने के लिए कोई सामने नहीं आया है।
यह सुनकर दिनेश के होश उड़ गए। बाद में उन्हें पता चला कि करौली से आए एक अन्य मरीज का पंजीकरण उनके दस्तावेज के आधार पर कर दिया गया था। इसके बाद से वह लगातार अस्पताल के ट्रामा सेंटर और मेडिकल रिकार्ड विभाग के चक्कर लगा रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों को अपने दस्तावेज भी सौंपे, लेकिन रिकार्ड में सुधार नहीं हुआ।
एसएमएस मेडिकल कालेज के प्राचार्य डा. दीपक माहेश्वरी ने गलती स्वीकार करते हुए कहा कि इसके लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आश्वासन दिया कि रविवार तक दिनेश के रिकार्ड में सुधार कर दिया जाएगा।
अस्पताल प्रशासन ने गलती स्वीकार कर सुधार का आश्वासन दिया
एक नाम के कारण हुई गलती तीन नवंबर को अस्पताल के ट्रामा सेंटर में दिनेश नाम के दो अलग-अलग युवक भर्ती हुए थे। इनमें एक मरीज की उपचार के दौरान मौत हो गई थी।
ऑनलाइन पोर्टल पर एक ही नाम से दो मरीज होने के कारण कर्मचारियों की गलती से जीवित मरीज के नाम के आगे मृत और मृतक के नाम के आगे जीवित दर्ज हो गया।
जीवित युवक के घर उसका मृत्यु प्रमाण पत्र भी भेज दिया गया। इसी बीच मृतक युवक के स्वजन अस्पताल में उसका मृतक प्रमाण पत्र लेने पहुंच गए तब कर्मचारियों की चूक सामने आई।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।