Mission 2023: सतीश पूनिया बोले, पीएम मोदी के नाम और काम के आधार पर लड़ेंगे राजस्थान विधानसभा चुनाव
Mission 2023 राजस्थान भाजपा के अध्यक्ष सतीश पूनिया ने कहा कि पार्टी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नाम और काम पर चुनाव लड़ेगी। पूनिया ने कहा कि मोदी देश ही नहीं दुनिया के लोकप्रिय नेता हैं। पार्टी सामूहिक नेतृत्व के आधार पर चुनाव लड़ेगी।
जागरण संवाददाता, जयपुर। राजस्थान में भाजपा नेताओं के बीच मुख्यमंत्री पद के चेहरे को लेकर खींचतान चल रही है। प्रदेश में भाजपा के आधा दर्जन नेता खुद को मुख्यमंत्री पद का दावेदार घोषित करवाने को लेकर केंद्रीय नेतृत्व के समक्ष लाबिंग कर रहे हैं। इस बीच, राजस्थान भाजपा के अध्यक्ष सतीश पूनिया ने कहा कि पार्टी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नाम और काम पर आगामी विधानसभा चुनाव लड़ेगी। पूनिया ने कहा कि मोदी देश ही नहीं दुनिया के लोकप्रिय नेता हैं। एक बातचीत में उन्होंने कहा कि पार्टी सामूहिक नेतृत्व के आधार पर चुनाव लड़ेगी। चुनाव से पहले मुख्यमंत्री पद का चेहरा घोषित नहीं होगा। संसदीय बोर्ड चुनाव के बाद मुख्यमंत्री पद के लिए नाम तय करेगा। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी का नाम और कमल का निशान भाजपा के लिए सबसे बड़ी ताकत है।
कांग्रेस को 2023 के विधानसभा चुनाव में प्रदेश की सत्ता से बाहर करेंगे
सतीश पूनिया ने कहा कि कांग्रेस को 2023 के विधानसभा चुनाव में प्रदेश की सत्ता से बाहर कर के रहेंगे। देश की जनता को मोदी के काम पर पूरा विश्वास है। चुनाव में सभी नेता मिलकर काम करेंगे। पूनिया ने कहा कि पार्टी को सर्वव्यापी बनाने के लिए काम किया जा रहा है। प्रदेश में मंडल और पोलिंग बूथ स्तर तक पार्टी मजबूत है। चुनाव की तैयारियां तेजी से की जा रही है। उल्लेखनीय है कि पार्टी सामूहिक नेतृत्व में चुनाव लड़ने को लेकर पहले ही संकेत दे चुकी है। पिछले दिनों जयपुर में हुई भाजपा के राष्ट्रीय पदाधिकारियों की बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनिया व विधानसभा में विपक्ष के नेता गुलाब चंद कटारिया को एक साथ अपने अपनी गाड़ी में बिठाया और फिर बैठक व एक अन्य कार्यक्रम में साथ रखा। प्रदेश प्रभारी अरुण सिंह भी पूर्व में ही सामूहिक नेतृत्व के आधार पर चुनाव लड़ने की बात कर चुके हैं। राजस्थान विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा और कांग्रेस अभी से सक्रिय हैं।