विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'तेजी से बदलती दुनिया में सेना का आधुनिकीकरण जरूरी'; जैसलमेर में बोले रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, रक्षा बजट बढ़कर ₹7.85 लाख करोड़

Published: Tue, 03 Nov 2026 09:57 PM (IST)

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने जैसलमेर में संसदीय सलाहकार समिति की बैठक की अध्यक्षता की, जहाँ उन्होंने बदलते वैश्विक परिदृश्य में भारतीय सशस्त्र बलों के आधुनिकीकरण पर जोर दिया।

तेजी से बदल रही दुनिया में सेना का लगातार आधुनिकीकरण बेहद जरूरी : राजनाथ

तेजी से बदल रही दुनिया में सेना का लगातार आधुनिकीकरण बेहद जरूरी : राजनाथ

HighLights

  1. राजनाथ सिंह ने जैसलमेर में रक्षा बैठक की अध्यक्षता की।

  2. भारतीय सेना के आधुनिकीकरण पर जोर दिया, बजट वृद्धि का उल्लेख।

  3. इन्फैंट्री बटालियन को अब अपनी ड्रोन यूनिट मिलेगी।

जागरण संवाददाता, जयपुर। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने मंगलवार को राजस्थान के जैसलमेर में रक्षा मंत्रालय की संसदीय सलाहकार समिति की बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में भारतीय सशस्त्र बलों के आधुनिकीकरण, सीमा सुरक्षा और भविष्य की रक्षा चुनौतियों से निपटने की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा हुई।

इस दौरान राजनाथ सिंह ने कहा कि बदलते वैश्विक सुरक्षा परिदृश्य और दुनिया में हो रहे भू-राजनीतिक बदलावों का सीधा असर भारत की सुरक्षा प्राथमिकताओं पर पड़ता है। ऐसे में भारतीय सशस्त्र बलों का लगातार आधुनिकीकरण बेहद जरूरी है।

रक्षा बजट का उल्लेख करते हुए सिंह ने बताया कि सरकार ने वित्त वर्ष 2026-27 के लिए रक्षा बजट बढ़ाकर 7.85 लाख करोड़ रुपये कर दिया है। उन्होंने कहा कि सरकार का जोर बजट बढ़ाने के साथ-साथ उसके प्रभावी उपयोग पर भी है।

उन्होंने रक्षा क्षेत्र में घरेलू विनिर्माण को बढ़ावा देने और आत्मनिर्भरता हासिल करने की प्रतिबद्धता दोहराई। रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण जैसलमेर में हुई यह बैठक भारत की पश्चिमी सीमा की सुरक्षा और बदलती रक्षा चुनौतियों के लिहाज से अहम मानी जा रही है।

रक्षा मंत्री ने दिल्ली से बाहर बैठक आयोजित करने के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इससे समिति के सदस्यों को आपसी संवाद और महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा करने का पर्याप्त समय मिलता है।

साथ ही सीमावर्ती और अग्रिम क्षेत्रों में बैठक आयोजित करने से जनप्रतिनिधियों को जमीनी परिस्थितियों को समझने और सुरक्षा संबंधी वास्तविक चुनौतियों का आकलन करने का अवसर मिलता है। उन्होंने बताया कि समिति के सदस्यों के सुझाव पर ही इस बार बैठक के लिए जैसलमेर का चयन किया गया।

ड्रोन यूनिट से लैस होगी इंफैंट्री बटालियन

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि बदलती युद्ध प्रणाली और आधुनिक सुरक्षा चुनौतियों को देखते हुए तीनों सेनाओं की संरचनाओं और सैन्य इकाइयों में लगातार सुधार किए जा रहे हैं। भारतीय सेना में अग्नि, भैरव और शक्तिबाण जैसी नई सैन्य संरचनाएं इसी दिशा में उठाए गए कदम हैं।

उन्होंने बताया कि भारतीय सेना की प्रत्येक इंफैंट्री बटालियन के पास अब अपनी ड्रोन यूनिट होगी। इससे पैदल सैनिकों को दुश्मन की गतिविधियों की जानकारी जुटाने के लिए अन्य सैन्य संसाधनों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। राजनाथ सिंह ने भैरव यूनिट की उपयोगिता पर भी प्रकाश डाला।

उन्होंने कहा कि ऐसी इकाइयों के गठन से छोटे और सीमित सैन्य अभियानों के लिए विशेष सैन्य बलों पर निर्भरता कम करने में मदद मिलेगी। भारतीय सेना की योजना भैरव यूनिट जैसी कुल 25 बटालियन तैयार करने की है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।