राजस्थान में जिला प्रमुख चुनाव में 37 में 24 सीटों पर कांग्रेस का कब्जा, CM के गृह जिले और तीन केंद्रीय मंत्रियों के गढ़ में हारी बीजेपी
राजस्थान के 37 जिलों में हुए जिला प्रमुख चुनाव में कांग्रेस ने 24 सीटें जीतकर बड़ा उलटफेर किया, जबकि भाजपा को 9 सीटें मिलीं। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के गृह जिले भरतपुर सहित तीन केंद्रीय मंत्रियों के गढ़ में भाजपा को हार का सामना करना पड़ा।

राजस्थान जिला प्रमुख चुनाव में कांग्रेस का दबदबा (सांकेतिक फोटो)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, जयपुर। राजस्थान के 37 जिलों में बुधवार को जिला प्रमुख के चुनाव में बड़ा उलटफेर हुआ। 26 जिलों में महिला जिला प्रमुख निर्वाचित हुईं। कांग्रेस ने 24, भाजपा ने नौ, भारत आदिवासी पार्टी (बाप) ने दो और राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (आरएलपी) ने एक जिले में जीत दर्ज की।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के गृह जिले भरतपुर में भाजपा प्रत्याशी पूजा जाटव हार गईं। कांग्रेस की रेनू बाला जिला प्रमुख चुनी गईं। चूरू में कांग्रेस के पास बहुमत होने के बावजूद भाजपा नेता राजेंद्र राठौड़ की पुत्रवधू कनिका सिंह जीतीं। यहां कांग्रेस में क्रास वोटिंग हुई।
बीकानेर में भी क्रास वोटिंग के बावजूद कांग्रेस की निकिता डूडी विजयी रहीं। पार्टी के अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी सदस्य गोविंद राम मेघवाल अपनी पुत्री सरिता को जिला प्रमुख बनवाना चाहते थे। टिकट नहीं मिलने पर उनके खेमे के सदस्यों ने क्रास वोटिंग की। प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने मेघवाल और उनकी पुत्री को निलंबित कर दिया। ब्यावर में भाजपा की निर्मला एक वोट से हारीं और कांग्रेस की ममता गुर्जर जिला प्रमुख बनीं।
जैसलमेर में कांग्रेस की 21 वर्षीय संतोष कुमारी निर्वाचित हुईं। मतदान के दौरान जयपुर, भरतपुर और भीलवाड़ा में दोनों दलों के नेता आमने-सामने आ गए। अधिकारियों के हस्तक्षेप से मामला शांत हुआ।
केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव के निर्वाचन क्षेत्र अलवर और केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल तथा गजेंद्र सिंह शेखावत के क्षेत्र जोधपुर में कांग्रेस के जिला प्रमुख चुने गए। इन जिलों में जिला परिषद चुनाव में कांग्रेस को बहुमत मिला था। वसुंधरा राजे के राजनीतिक कार्यक्षेत्र झालावाड़ में भाजपा, जबकि उनके गृह जिले धौलपुर में कांग्रेस जीती।
इससे तीन दिन पहले घोषित जिला परिषद और पंचायत समिति चुनावों में भाजपा सरकार के 17 मंत्रियों के निर्वाचन क्षेत्रों में पार्टी प्रत्याशी हारे थे। भाजपा की हार के बाद बुधवार को दिल्ली में राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बी.एल. संतोष ने प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ और संगठन महामंत्री अजेय कुमार से रिपोर्ट ली। प्रदेश प्रभारी संजय भाटिया भी मौजूद थे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।