विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 28, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Rajasthan: कांग्रेस के खिलाफ प्रचार करने यूपी पहुंचे राजस्थान के बेरोजगार, अशोक गहलोत बोले-वहां जाने का क्या तुक है

By Sachin Kumar MishraEdited By:
Published: Sun, 28 Nov 2021 04:59 PM (IST)

Rajasthan यूपी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के खिलाफ प्रचार और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी से अशोक गहलोत सरकार की शिकायत ...और पढ़ें

राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत। फाइल फोटो
राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत। फाइल फोटो

जागरण संवाददाता, जयपुर। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के खिलाफ प्रचार और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी से अशोक गहलोत सरकार की शिकायत करने के लिए राजस्थान से लखनऊ पहुंचे बेरोजगारों ने शनिवार रात खुले आसमान के नीचे बिताई। सर्दी में खुले आसमान के नीचे सोने से कुछ बेरोजगार बीमार हो गए, जिनका इलाज किया जा रहा है। शिक्षक भर्ती परीक्षा में हुई गड़बड़ी की सीबीआइ जांच कराने, भर्ती परीक्षाएं नियमित रूप से आयोजित करने सहित विभिन्न मांगों को लेकर बेरोजगार 46 दिन से आंदोलन कर रहे हैं। बेरोजगारों ने पहले तो जयपुर स्थित शहीद स्मारक पर धरना दिया और जब यहां सरकार ने सुनवाई नहीं की तो वह कांग्रेस के खिलाफ प्रचार करने लखनऊ चले गए।

अशोक गहलोत ने भाजपा पर बेरोजगारों को भड़काने का आरोप लगाया

उधर, रविवार को जयपुर में मीडिया से बात करते हुए सीएम अशोक गहलोत ने कहा कि वहां जाने का क्या तुक है। वह हमारे परिवार के सदस्य हैं। उन्होंने भाजपा पर बेरोजगार युवाओं को भड़काने का आरोप लगाते हुए कहा कि राजस्थान में एक लाख लोगों की नौकरी लग चुकी और 77 हजार की भर्ती प्रक्रिया में है। युवाओं को वहां धरना देने के स्थान पर पढ़ाई करनी चाहिए। गहलोत ने कहा कि जो लोग पढ़ाई नहीं करते, वो धरना देने पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा की राजस्थान में दुर्गति हो रही है। दो विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशियों की जमानत जब्त हो गई। हिमाचल में हार हुई। अब उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में लाभ लेने के लिए युवाओं का सहारा लिया जा रहा है।

बेरोजगारों का लखनऊ में धरना जारी रहेगाः उपेन यादव

वहीं, राजस्थान बेरोजगार एकीकृति महासंघ के अध्यक्ष उपेन यादव ने बताया कि लखनऊ में बेरोजगार युवक पहले यूपी प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय के बाहर धरना देने गए थे, लेकिन वहां से हटा दिया गया। बाद में खुले आसमान के नीचे धरना दिया गया। यादव ने कहा कि बेरोजगारों का लखनऊ में धरना जारी रहेगा। प्रियंका गांधी यूपी में रोजगार का वादा कर रही है तो राजस्थान के युवा वहां जाकर लोगों को कांग्रेस की हकीकत बताएंगे कि यहां भी वादा पूरा नहीं किया गया।