विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

राजस्थान: 20 लाख में डिग्री खरीद 11वीं पास युवक बना 'डॉक्टर', गिरोह के चार गिरफ्तार

Published: Thu, 26 Nov 2026 11:45 PM (GMT+05:30)

राजस्थान एसओजी ने फर्जी मेडिकल डिग्री बेचने वाले गिरोह का भंडाफोड़ कर चार लोगों को गिरफ्तार किया है।

20 लाख में डिग्री खरीद 11वीं पास युवक बना 'डॉक्टर'। (यह तस्वीर एआई द्वारा बनाई गई है)

20 लाख में डिग्री खरीद 11वीं पास युवक बना 'डॉक्टर'। (यह तस्वीर एआई द्वारा बनाई गई है)

HighLights

  1. फर्जी मेडिकल डिग्री बेचने वाले गिरोह का एसओजी ने किया भंडाफोड़।

  2. 11वीं पास युवक 20 लाख में डिग्री खरीदकर बना डॉक्टर।

  3. गिरोह फर्जी डिग्रियों को ऑनलाइन पंजीकृत भी करवाता था।

जागरण संवाददाता, जयपुर। राजस्थान स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) ने फर्जी मेडिकल डिग्री बेचने वाले गिरोह का राजफाश करते हुए फर्जी डॉक्टर सहित चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है।

एसओजी की प्रारंभिक जांच में सामने आया कि गिरफ्तार किया गया 11वीं पास युवक रामकिशोर महावर करीब 20 लाख में डिग्री खरीदकर डॉक्टर बना था। गिरोह फर्जी डिग्रियों को संबंधित विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर ऑनलाइन अपलोड करा मेडिकल काउंसिल में पंजीकरण भी करवाता था।

एसओजी के अतिरिक्त महानिदेशक विशाल बंसल ने बताया कि 11वीं कक्षा तक पढ़ाई करने वाला करौली निवासी रामकिशोर महावर ने फर्जी एमबीबीएस और एमडी (गायनेकोलाजी) की डिग्रियां हासिल कर दिल्ली मेडिकल काउंसिल में अपना रजिस्ट्रेशन करवा लिया।

इसके बाद उसने पिछले साल दिल्ली के अस्पताल में जूनियर रेजिडेंट के रूप में काम किया। इतना ही नहीं, आरोप है कि उसने फर्जी डिप्लोमा इन मेडिकल रेडियो डायग्नोसिस के आधार पर दिल्ली के विभिन्न अस्पतालों में सोनोग्राफी भी की।

इस मामले की शुरुआत अक्टूबर 2024 में राजस्थान मेडिकल काउंसिल की ओर से जयपुर के अशोक नगर थाने में दर्ज कराई गई शिकायत से हुई थी। शिकायत में फर्जी दस्तावेज के आधार पर मेडिकल रजिस्ट्रेशन हासिल किए जाने की आशंका जताई गई थी।

एसओजी ने रामकिशोर को दिल्ली से गिरफ्तार किया और उससे पूछताछ के आधार पर बंगाल में पश्चिम मेदिनीपुर जिले के निवासी सत्यजीत, मध्य प्रदेश में ग्वालियर के निवासी मनीष और उत्तर प्रदेश में आजमगढ़ निवासी खुर्रम तौफीक को गिरफ्तार किया। चारों को गुरुवार को जयपुर लाया गया।

बंसल ने बताया कि एसओजी अब इस गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की पहचान करने में जुटी है। साथ ही उन लोगों का भी पता लगाया जा रहा है, जिन्होंने फर्जी डिग्रियों के आधार पर मेडिकल रजिस्ट्रेशन हासिल किए हैं।

 

 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।