Rajasthan politics : अशोक गहलोत बोले-केंद्र की गलत नीतियों के खिलाफ राहुल गांधी मुखर, सोशल मीडिया पर अभियान चलाएंं युवा
Rajasthan politics राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि सीबीआई इनकम टैक्स ईडी सभी संवैधानिक संस्थाओं का जिस प्रकार दुरुपयोग हो रहा है वैसा आजादी के बाद आजतक नहीं हुआ।
जागरण संवाददाता, जयपुर : राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि आज देश के लोकतंत्र को बहुत बड़ा खतरा है, सीबीआई, इनकम टैक्स, ईडी इत्यादि सभी संवैधानिक संस्थाओं का जिस प्रकार से दुरुपयोग हो रहा है, वैसा आजादी के बाद आज तक नहीं हुआ। गहलोत ने कहा कि केंद्र सरकार की इन्हीं गलत नीतियों के विरुद्ध राहुल गांधी निरंतर मुखर हो रहे हैं। ऐसे में सभी युवाओं को आगे आकर उनका साथ देना चाहिए।
कांग्रेस के नये प्रदेश अध्यक्ष गणेश घोघरा का पदभार ग्रहण कार्यकम
गहलोत सोमवार को युवक कांग्रेस के नये प्रदेश अध्यक्ष गणेश घोघरा के पदभार ग्रहण कार्यकम में बोल रहे थे। गहलोत ने कार्यक्रम में मौजूद युवाओं से सोशल मीडिया के माध्यम से केंद्र सरकार की नीतियों का विरोध करने की भी अपील की। उन्होंने युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं को कोरोना काल में जनता की सेवा करने की सीख दी। भाजपा पर आरोप लगाते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि वहां असंतोष तेज़ी से पनप रहा है, जिसका कारण प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं गृहमंत्री अमित शाह की एकल चलो नीति है।
पूरे देश को सही दिशा देने का काम राहुल गांधी कर रहे हैं : डोटासरा
कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने कहा कि राहुल गांधी ने देश के युवाओं को शक्ति देने का काम किया है, कांग्रेस संगठन से लेकर चुनाव तक में युवाओं को उचित प्रतिनिधित्व दिया गया है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार का वातावरण पूरे देश में चल रहा है। उसमें पूरे देश को सही दिशा देने का काम राहुल गांधी कर रहे हैं। डोटासरा ने युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं से गांव-गांव, ढाणी-ढाणी जाकर भाजपा के झूठे वादों को उजागर करने का आह्वान किया।
जनयोजनाओं को अंतिम पंक्ति पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाने का आह्वान
इस मौके पर गणेश घोगरा ने कहा कि पार्टी ने उन्हें बहुत कुछ दिया है। ऐसे में उनका प्रथम धर्म है उस कर्ज को उतारने का रहेगा। घोगरा ने युवा कांग्रेस के सभी कार्यकर्ताओं से राजस्थान सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम पंक्ति पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाने का आह्वान किया।